इधर घिघिया रहे पाकिस्तानी, उधर बाबर आजम मनाएंगे छुट्टी, 5 ‘बागियों’ के साथ लंदन में करेंगे मौज

नई दिल्ली: पाकिस्तानी टीम का शुरुआत से ही ऐसा रहा है। जब भी किसी बड़े टूर्नामेंट में बुरा प्रदर्शन करते हैं तो खिलाड़ी सीधे और एक साथ स्वदेश नहीं लौटते हैं। वे पहले किसी और देश जाते हैं और माहौल ठंडा होने का इंतजार करते हैं फिर धीरे-धीरे पाकिस्तान लौटते हैं। कुछ ऐसा ही इस बार भी देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां पूर्व क्रिकेटर भयंकर गुस्से में हैं तो दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम के टी 20 विश्व कप में अभियान के निराशाजनक रूप से ग्रुप चरण में समाप्त होने के बाद कप्तान बाबर आजम और पांच अन्य खिलाड़ी मोहम्मद आमिर, इमाद वसीम, हारिस रउफ, शादाब खान और आजम खान ने पाकिस्तान लौटने से पहले लंदन में छुट्टियां मनाने का फैसला किया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, ये छह खिलाड़ी आज शेष टीम के साथ पाकिस्तान नहीं पहुंचेंगे। इन खिलाड़ियों ने लंदन में अपने मित्रों और परिवार के साथ समय गुजारने का फैसला किया है। कुछ खिलाड़ी यूनाइटेड किंगडम में स्थानीय लीग खेलने की योजना भी बना रहे हैं। इस बीच मुख्य कोच गैरी कर्स्टन और सहायक कोच अजहर महमूद अपने-अपने घरों के लिए रवाना होंगे। कोई नजदीकी सीरीज न होने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कोचिंग स्टाफ को अपने-अपने देश लौटने की अनुमति दे दी है।





