उद्धव बोले- चुनाव से पहले CM फेस का ऐलान हो:कहा- पवार साहब और कांग्रेस जिसका नाम तय करेंगे, उसका समर्थन करूंगा

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार (16 अगस्त) को कहा- चुनाव से पहले CM फेस का ऐलान होना चाहिए। पवार साहब और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज जिसे भी CM बनाएंगे, मैं उनका समर्थन करूंगा।

मुंबई में महाविकास अघाड़ी की मीटिंग में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ने कहा कि मैं अधिकतम विधायकों वाली पार्टी को मुख्यमंत्री पद मिलने के फॉर्मुले का समर्थन नहीं करता।

महाराष्ट्र सरकार बहनों को 1500 रुपए देने का ऐलान कर रही है, लेकिन इनकी योजनाओं का प्रचार करने के लिए 10 हजार रुपए खर्च कर रही है। सरकार गिराने के लिए 50 खोखे और लड़की बहन को 1500 रुपए।

दरअसल, महाराष्ट्र में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इसे लेकर ही MVA की आज मीटिंग हुई। इसमें NCP शरद गुट के चीफ शरद पवार और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण भी शामिल हुए थे।

3 पॉइंट्स में उद्धव ठाकरे की स्पीच

कोरोना सरकार ने हमने काफी काम किया। इसलिए मुस्लिम हमारे साथ आए। NRC और CAA के दौरान मुस्लिम के मन मे भय था, लेकिन मैंने उस वक्त कहा था कि देश को जो प्रेम करेगा उसे जाने नही दूंगा, इसलिए मुस्लिम साथ आए।

मोदी नीतीश और चंद्रबाबू नायडू के साथ बैठते हैं, तो क्या अब मान लिया जाए कि उन्होंने हिंदुतव छोड़ दिया है। वक्फ बोर्ड ही नहीं, हिंदुओ के मंदिर के मामले में भी JPC और जांच होनी चाहिए।

मराठा आरक्षण के मामले में आप लोकसभा में बिल लाइये, हम समर्थन करेंगे। भले ही उन्होंने हमारा धनुष बाण चुराया, लेकिन उन्हें जलाने के लिय मैंने मशाल जलाई है।

कॉमन मैनिफेस्टों पर काम जारी
7 अगस्त को MVA की बैठक हुई थी, जिसके बाद विजय वडेट्टीवार ने गठबंधन की आगे की योजना शेयर की थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि MVA सहयोगी पार्टियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कॉमन मैनिफेस्टो, फॉर्मूले और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की। पूर्व CM पृथ्वीराज चव्हाण की अगुवाई में कॉमन मैनिफेस्टो पर काम चल रहा है।

विधानसभा चुनाव को लेकर उद्धव की INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात
महाराष्ट्र चुनाव को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट) के प्रमुख उद्धव ठाकरे 6 से 8 अगस्त तक दिल्ली दौरे पर थे। इस दौरान वे INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात की। लोकसभा चुनाव के बाद उद्धव का यह पहला दिल्ली दौरा था। हालांकि पार्टी प्रवक्ता सांसद संजय राउत ने बताया कि यह संवाद दौरा था।

कांग्रेस के 5 मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं
महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) चुनाव में क्रांस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 5 विधायकों का विधानसभा चुनाव में टिकट कटना लगभग तय है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी नए चेहरों को मौका देगी। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

टिकट कटने वाले विधायकों में सुलभा खोडके, जीशान सिद्दीकी, हीरामन खोसकर, जितेश अंतापूरकर, मोहन हंबर्डे शामिल हैं। MLC के चुनाव में कांग्रेस के 7-8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर सामने आई थी।

विधान परिषद चुनाव में NDA ने 11 में से 9 सीटें जीती थी
12 जुलाई को हुए MLC चुनाव में NDA ने 11 में से 9 सीटें जीती थीं। वहीं, INDIA ब्लॉक के 3 में से 2 ही जीत सके। चुनाव में जीत के लिए एक कैंडिडेट को 23 विधायकों के वोट चाहिए थे। महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के 103, शिवसेना के 37, NCP के 39, कांग्रेस के 37, शिवसेना (उद्धव गुट) के 15 और NCP (शरद गुट) के 13 विधायक हैं।

नवंबर 2024 को ‌BJP-शिवसेना सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
महाराष्ट्र में इस वक्त BJP-शिवसेना की सरकार है। इसका कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है इसलिए अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। 2019 में विधानसभा चुनाव में BJP 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।

हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना (टूट से पहले वाली) और BJP गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना (टूट से पहले वाली) ने तब कांग्रेस (45 विधायक) और NCP (टूट से पहले वाली पार्टी) (53 विधायक) के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने थे।

इसके बाद मई 2022 MVA सरकार में नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी और BJP के साथ मिल गए। एकनाथ शिंदे ने 30 जून 2022 को महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

इसके साथ ही शिवसेना दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button