एनवीडिया का मार्केट कैप 3 ट्रिलियन डॉलर के पार:एपल को पीछे छोड़कर दुनिया की दूसरी सबसे वैल्युएबल कंपनी बनी

अमेरिका की सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया कॉर्प का शेयर बुधवार को नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। 5 जून को यह शेयर 60.03 डॉलर, यानी 5.16% तेजी के साथ 1,224.40 डॉलर (करीब 1,86,958 रुपए) पर बंद हुआ।

इसी के साथ कंपनी का मार्केट कैप 3.01 ट्रिलियन डॉलर (करीब 251 लाख करोड़) हो गया है। इसके बाद एनवीडिया एपल को पीछे कर दुनिया की दूसरी सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई है। वहीं, एपल का मार्केट कैप 3 ट्रिलियन डॉलर (करीब 250 लाख करोड़) है।

2002 में एनवीडिया का मार्केट कैप एपल से ज्यादा हुआ था
इससे पहले साल 2002 में एनवीडिया का मार्केट कैप एपल के मार्केट कैप से ज्यादा हुआ था। उस समय दोनों कंपनियों का मार्केट कैप 10 बिलियन डॉलर से कम था। एनवीडिया पहले से ही दुनिया की सबसे वैल्युएबल सेमीकंडक्टर फर्म है।

पिछले 6 महीने में एनवीडिया के शेयर ने 169.08% का रिटर्न दिया
एनवीडिया के शेयर में पिछले 5 कारोबारी दिनों में 6.93%, एक महीने में 32.88% और 6 महीने में 169.08% की तेजी देखने को मिली है। इस साल अब तक एनवीडिया के शेयर ने 154.19% का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में एनवीडिया का शेयर 216.76% और पिछले 5 साल में 3,265.59% चढ़ा है।

अपने AI एक्सेलरेटर को अपग्रेड करने की योजना बना रही कंपनी
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग ने घोषणा की कि कंपनी अपने AI एक्सेलरेटर को अपग्रेड करने की योजना बना रही है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, बुधवार को शेयर में उछाल से हुआंग की संपत्ति में 5 बिलियन डॉलर से ज्यादा (करीब 41 हजार करोड़) की बढ़ोतरी हुई, जिससे उनकी कुल संपत्ति 107.4 बिलियन डॉलर ( करीब 89 लाख करोड़) हो गई।

एपल को इस साल चुनौतियों का सामना करना पड़ा
इस साल एपल को चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, चीन में आईफोन की घटती मांग और यूरोपीय यूनियन से जुर्माने की चिंताओं के कारण इसके शेयरों पर दबाव पड़ा है। बुधवार को एपल का शेयर 0.78% की तेजी के साथ 195.87 डॉलर पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में एपल के शेयर में 7.79% की तेजी देखने को मिली है। वहीं, 6 महीने में एपल के शेयर में 1.85% और एक साल में 9.30% का रिटर्न दिया है।

NVIDIA के भारत में चार इंजीनियरिंग डेवलपमेंट सेंटर
NVIDIA के भारत में चार इंजीनियरिंग डेवलपमेंट सेंटर हैं। ये सेंटर हैदराबाद, पुणे, गुरुग्राम और बेंगलुरु में स्थित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button