ट्रम्प ने कमला हैरिस पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, पोस्ट में लिखा है कि हैरिस ने शारीरिक संबंधों का इस्तेमाल कर राजनीति में अपने करियर को आगे बढ़ाया है।

दरअसल, 1990 के दशक में हैरिस उम्र में 30 साल बड़े सैन फ्रांसिस्को के पूर्व मेयर विली ब्राउन के साथ रिलेशनशिप में थीं। तब वे कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली के स्पीकर भी थे। ट्रम्प ने पोस्ट के जरिए आरोप लगाया है कि विली ब्राउन के साथ अपने रिश्ते के जरिए हैरिस को राजनीति में आगे बढ़ने में मदद मिली।

हिलेरी क्लिंटन पर भी की आपत्तिजनक टिप्पणी
ट्रम्प ने अपने एक समर्थक के पोस्ट को री-शेयर किया। इसमें एक तस्वीर भी शामिल थी, जिसमें हैरिस और हिलेरी क्लिंटन साथ नजर आ रही हैं। इसके जरिए ट्रम्प ने हिलेरी क्लिंटन पर भी टिप्पणी की। दरअसल, हिलेरी के पति और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन पर 1995 में व्हाइट हाउस की एक इंटर्न मोनिका लेविंस्की के साथ शारीरिक संबंध होने के आरोप लगे थे।

दोनों के बीच 18 महीनों तक संबंध रहे। 26 जनवरी 1998 को एक टेलीविजन एड्रेस में क्लिंटन ने कहा था कि उनका लेविंस्की से कोई संबंध नहीं था। इस विवाद की विजह से क्लिंटन के खिलाफ हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में महाभियोग प्रस्ताव भी लाया गया था। इस कॉन्ट्रोवर्सी का खामियाजा डेमोक्रेटिक पार्टी को 2000 के राष्ट्रपति चुनाव में उठाना पड़ा था।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बार है जब ट्रम्प ने कमला हैरिस पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे पहले 18 अगस्त को भी ट्रम्प ने हैरिस और विली ब्राउन के संबंधों को लेकर एक पोस्ट किया था।

ट्रम्प ने कहा था- हैरिस अश्वेत हैं या भारतीय पता नहीं
इससे पहले ट्रम्प ने कमला हैरिस की नस्लीय पहचान पर भी सवाल उठाए थे। ट्रम्प ने एक इंटरव्यू के दौरान पूछा था कि कमला हैरिस भारतीय हैं या अश्वेत? पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि कमला हैरिस हमेशा से खुद को भारतीय विरासत से जुड़ा बताती थीं, लेकिन अचानक कुछ साल पहले वे अश्वेत हो गईं।

ट्रम्प ने कहा कि उन्हें कई सालों तक पता नहीं था कमला अश्वेत हैं, उन्हें लगता रहा कि वे भारतीय मूल की हैं। अब कुछ सालों से कमला खुद को अश्वेत बताने लगी हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि कमला चाहती हैं कि वे अश्वेत महिला के तौर पर दुनिया में जानी जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button