दिशा सालियान सुसाइड केस, पिता की हाईकोर्ट में याचिका:आदित्य ठाकरे पर FIR और CBI जांच की मांग

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने दिशा की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

याचिका में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने और जांच CBI को सौंपने का आग्रह किया गया है। आरोप लगाया गया है कि दिशा के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई थी। याचिका में सूरज पांचोली, डिनो मोर्या और मुंबई पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। उस समय दिशा के पिता ने जांच को संतोषजनक माना था।

भाजपा नेता नितेश राणे ने तीन साल पहले दिशा से गैंगरेप के बाद उनकी हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, दिशा में माता-पिता ने बेटी को बदनाम करने की साजिश कहते हुए नितेश पर ही केस दर्ज कराया था।

अब 5 साल बाद दिशा के पिता का कहना है कि उन्हें नजरबंद करके पुलिस के पेश सबूतों को सच मानने के लिए मजबूर किया गया था। दिशा के पिता की याचिका के बाद महाराष्ट्र में राजनीति तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने कहा, ‘आदित्य ठाकरे को विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और जांच का सामना करना चाहिए।’

पिता के वकील बोले- 1 साल से FIR दर्ज नहीं की जा रही

दिशा सालियन केस में उनके पिता के वकील निलेश सी ओझा ने बताया कि सितंबर 2023 में उन्होंने एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में शिंदे सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।

उन्होंने आगे कहा कि 12 जनवरी 2024 को इस मामले में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली और अन्य लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया गया था। लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई।

सुशांत सिंह राजपूत के पिता बोले- दिशा के पिता ने सही किया

सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने मामले को लेकर कहा कि पहले दिशा सालियान के पिता ने कहा था वे कुछ नहीं जानते हैं, दिशा ने आत्महत्या ही की होगी। ये मुझे नहीं पता कि बाद में वह किस बात पर कह रह हैं कि ये आत्महत्या नहीं हत्या है। हालांकि, पहले की सरकार और अब की सरकार में फर्क है। वर्तमान मुख्यमंत्री अपने स्तर पर जो भी करेंगे सही करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button