नहाकर निकला और कूलर से टच हो गया हाथ, इसके बाद घर में मच गई चीख-पुकार

भोपाल। कूलर, पंखे या टीवी के प्लग तथा उनके वायर में करंट फैल जाने की लापरवाही आमतौर पर कई घरों में देखी जाती है। कम पावर के करंट फ्लो का बहाना कर लोग इसे हल्के में लेते हैं, लेकिन करोंद के कपिला नगर में रहने वाले जावेद मंसूरी के परिवार के लिए यह लापरवाही कभी न भूल पाने वाली चूक साबित हो गई। कूलर में फैले करंट ने उनके मासूम बेटे की जान ले ली।

अस्पताल ले जाने के बावजूद नहीं बची जान

रविवार को उनके आठ वर्षीय बेटे ने गीले हाथ कूलर में लगा दिये, जिससे उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह जमीन पर गिरकर बेसुध हो गया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। उसे स्वजन पहले हमीदिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मन फिर भी न माना तो उसे वापस घर के पास स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन तब तक प्राण शरीर को छोड़ चुके थे। मामले की सूचना मिलने पर निशातपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

खराब थी कूलर की वायरिंग

पुलिस के अनुसार करोंद के कपिला नगर में रहने वाले जावेद आटो चलाते हैं। उनका आठ वर्षीय बेटा सऊद रविवार को दोपहर करीब तीन बजे नहाकर बाथरूम से निकला। तभी उसका हाथ हॉल में चल रहे कूलर को गलती से छू लिया।
कूलर की वायरिंग कुछ दिनों से खराब थी और कूलर की पूरी बॉडी में करंट फ्लो कर रहा था। सऊद ने जैसे ही कूलर को हाथ लगाया तो उसे करंट का जोरदार झटका लगा और वह छटपटाते हुए जमीन पर गिर पड़ा। जब तक कि घर में मौजूद लोग कुछ देख-समझ पाते, सऊद की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button