पंजाब में कैंटर से टकराई पिकअप बोलेरो, 9 की मौत:11 लोग घायल

पंजाब के फिरोजपुर में एक बोलेरो पिकअप और कैंटर की टक्कर हो गई है। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 11 लोग घायल हैं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर है। यह हादसा आज सुबह फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव मोहन के उताड़ के पास हुआ है।

हादसे के वक्त पिकअप में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। जख्मी लोगों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आशंका है कि हादसा धुंध के कारण हुआ है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं, इसे लेकर फिरोजपुर की DC दीपशिखा शर्मा ने कहा है कि सभी घायलों का इलाज जिला प्रशासन की ओर से करवाया जा रहा है। इनकी पूरी देखभाल की जाएगी।

जांच अधिकारी बोले- बेकाबू होकर पिकअप कैंटर से टकराई क्राइम सीन पर जांच के लिए पहुंचे इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह बराड़ ने बताया है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीमें पहुंच गई थीं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद नेशनल हाईवे खाली करवाया गया, क्योंकि पीछे भारी जाम लग गया था।

इंस्पेक्टर बराड़ ने बताया कि बोलेरो पिकअप में मजदूर सवार थे। वे फिरोजपुर से देहात एरिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान पिकअप बेकाबू हो गई, जिससे पीछे से आ रहे कैंटर के साथ हादसा हो गया। 8 से ज्यादा लोगों को अस्पताल ले जाते ही मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ग्रामीण बोला- कैंटर वाले की गलती से हुआ हादसा वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि बोलेरो पिकअप में सवार सभी लोग शादी में वेटर का काम करने जा रहे थे। इनमें गांव सूफेवाला के करीब 10 युवक शामिल थे। हालांकि इन 10 युवकों में से किसकी मौत हुई है और कौन घायल है इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई। कैंटर वाले की गलती के कारण ही ये हादसा हुआ है।

काम के दूसरे दिन गई जान एक मृतक के रिश्तेदार ने कहा- मेरे भतीजे जसवंत सिंह सत्तू की इस हादसे में मौत हो गई है। उसका आज काम का दूसरी ही दिन था। उसने कल से ही काम करना शुरू किया था और आज ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर आसपास के गांव के लोग इकट्ठा हो गए थे। इसके बाद सभी गांववालों ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू का काम शुरू किया। हादसा इतना भीषण था कि हाईवे पर साइड पर खेतों तक में पिकअप सवार युवकों के शव पड़े हुए थे।

DSP बोले- कैंटर और पिकअप में सीधी टक्कर हुई वहीं, इसे लेकर DSP सतनाम सिंह ने बताया है कि बोलेरो पिकअप गाड़ी गुरु हर सहाय से जलालाबाद की तरफ जा रही थी। बोलेरो में मजदूर सवार थे। वहीं, कैंटर जलालाबाद से फिरोजपुर की तरफ जा रहा था। जब वह शहीद उधम सिंह कॉलेज के पास पहुंचे तो अचानक दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।

इसमें पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और पिकअप में सवार सभी लोग हादसा स्थल से दूर-दूर जाकर गिरे। सभी को को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button