पंत की बहन का शादी का फंक्शन, धोनी-रैना पहुंचे:मसूरी में संगीत सेरेमनी में जमकर थिरके

टीम इंडिया के क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी का शादी समारोह मसूरी में चल रहा है। मंगलवार को संगीत समारोह में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना भी पहुंचे और जमकर डांस किया।
धोनी, रैना और पंत के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तीनों ‘दमा दम मस्त कलंदर’ गाने पर नाचते हुए नजर आ रहे हैं। पंत के बहन की शादी आज मसूरी में है।
काली टी-शर्ट और क्रीम कलर का पैंट पहने थे धोनी
धोनी संगीत समारोह में काली टी-शर्ट और क्रीम रंग की पैंट पहन कर शामिल हुए। वहीं, रैना ने ब्लू सूट कैरी किया था। रैना, धोनी के करीबी दोस्त हैं।
धोनी मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे चार्टर्ड विमान से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी साक्षी और अन्य लोग भी थे। धोनी को देखते ही फैंस ने उन्हें घेर लिया। हालांकि, कैप्टन कूल ने किसी से बात नहीं की और कार में सवार होकर मसूरी के लिए रवाना हो गए।