प्रियंका गांधी के पास 12 करोड़ की संपत्ति, पति रॉबर्ट 66 करोड़ के मालिक

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। हलफनामा में उन्होंने 12 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति घोषित की है। उनके पास 4.24 करोड़ रुपए की चल और 7.74 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां है। इसके अलावा उन्होंने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का भी ब्योरा दिया है। वाड्रा के पास कुल 65.54 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें से चल संपत्तियां 37.9 करोड़ रुपए और अचल संपत्तियां 27.64 करोड़ रुपए की हैं। प्रियंका के हलफनामा पर गुरुवार को भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- ‘प्रियंका गांधी वाड्रा के हलफनामा में पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति की जानकारी गलत बताई गई है। रॉबर्ट वाड्रा की आय कम है, लेकिन इनकम टैक्स विभाग ज्यादा डिमांड कर रहा हैं। ऐसा कैसे हो सकता हैं। उन्होंने शिमला में घर खरीदा, लेकिन केवल उसके 10वें हिस्से की कीमत बताई। यानी दिखाने के दांत अलग और खाने के दांत अलग है।’

भाटिया बोले- कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का अपमान किया

गौरव भाटिया ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर दिखाई। इसमें खड़गे पीछे की सीट पर बैठे थे। उन्होने कहा कि खड़गे पिछड़े वर्ग से आते है। केवल किसी पद पर बैठा कर इन लोगों ने रिमोट अपने हाथ में रखा हैं। ये लोग किसी बाहरी को नेता को अपनाना ही नहीं चाहते। इन्होने तो मौलानाओं की बैठक में कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी माना है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वायनाड में आपदा के दौरान इतनी संपत्ति होने के बावजूद भी इस परिवार ने एक भी रुपए दान नहीं दिया।

वायनाड में 13 नवंबर को वोटिंग, राहुल ने सीट छोड़ी, इसलिए उपचुनाव

प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ नाव्या हरिदास को उतारा है। लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने केरल की वायनाड और UP की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। राहुल ने गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना और वायनाड छोड़ दी। यहां 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।

प्रियंका गांधी की प्रॉपर्टी की डिटेल पढ़ें…

1. 2023-2024 फाइनेंशियल ईयर में कुल आय: ₹46.39 लाख से अधिक रही, जिसमें किराए के तौर पर हुई आय और बैंकों व अन्य निवेशों से ब्याज शामिल है।

2. चल संपत्ति- ₹4.24 करोड़: इसमें तीन बैंक खातों में जमा राशि, म्यूचुअल फंड्स, PPF में निवेश, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की तरफ से तोहफे में दी गई एक होंडा CRV कार और 4400 ग्राम से अधिक सोना (कुल ₹1.15 करोड़ का) शामिल है।

3. अचल संपत्ति- ₹7.74 करोड़: इसमें नई दिल्ली के महरौली क्षेत्र में विरासत में मिली आधी हिस्सेदारी वाली दो कृषि भूमि और वहां बने फार्महाउस की आधी हिस्सेदारी शामिल है। इन सभी की मौजूदा कीमत ₹2.10 करोड़ से ज्यादा है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में प्रियंका की एक रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी भी है, जिसकी मौजूदा कीमत ₹5.63 करोड़ से ज्यादा है।

4. प्रियंका पर कर्ज: ₹15.75 लाख। इसके अलावा वे साल 2012-13 के लिए इनकम टैक्स रिएसेसमेंट प्रक्रिया का सामना कर रही हैं, जिसके तहत उन्हें 15 लाख रुपए से अधिक का टैक्स देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button