ब्रिटेन में बच्चों पर चाकू से हमला, 2 की मौत:9 जख्मी, 17 साल का हमलावर गिरफ्तार, PM स्टार्मर ने दुख जताया

ब्रिटेन में लिवरपूल के पास साउथपोर्ट में सोमवार शाम एक नाबालिग ने कई लोगों पर चाकू से हमला किया। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक इसमें 2 बच्चे मारे गए हैं। इसके अलावा लगभग 1 दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को चिल्ड्रन अस्पताल ले जाया गया। घायलों में अधिकतर बच्चे शामिल हैं।

यह हमला बच्चों के एक डांस वर्कशॉप में हुआ। पुलिस ने कहा कि 17 वर्षीय हमलावार लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही हमले में इस्तेमाल किए चाकू को जब्त कर लिया है। हमलावर के इरादों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

नॉर्थ वेस्ट एम्बुलेंस सर्विस (NWAS) ने कहा कि उन्होंने चाकू से घायल आठ मरीजों का इलाज किया है और कुछ को एल्डर हे चिल्ड्रन हॉस्पिटल ले जाया गया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर ने इस घटना को ‘भयावह’ करार दिया है।

किंग चार्ल्स-PM स्टार्मर ने घटना की निंदा की
पीएम स्टार्मर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि साउथपोर्ट से भयानक और बेहद चौकाने वाली खबर आई है। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने हमले में घायल हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। साथ ही उन्होंने पुलिस और इमरजेंसी सेवा का धन्यवाद भी किया। प्रधानमंत्री के अलावा ब्रिटेन की गृहमंत्री कूपर और लिवरपूल के मेयर स्टीव रोथेरम ने भी इस हमले की निंदा की है।

पुलिस ने इसे बड़ी घटना बताया है, लेकिन साथ ही कहा कि जनता के लिए अब कोई खतरा नहीं है। किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने बच्चों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वो इस घटना के बाद गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि हम घटना में मृतकों के परिजनों और इस भयावह हमले के पीड़ित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।

घटना से परिचित एक शख्स ने न्यूज एजेंसी AP से बताया कि एक वर्कशॉप में 6 से 11 साल के बच्चे डांस और योग कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे। अचानक उन्होंने देखा कि 8 से 10 बच्चे खून से लथपथ भाग रहे हैं। अंदर क्या-कैसे हुआ उन्हें कुछ पता नहीं चल पाया।

पुलिस ने आंतकी घटना मानने से किया इनकार
पुलिस इसे आतंकवाद से जुड़ी घटना नहीं मान रही है। पुलिस के मुताबिक हमलावर घटनास्थल से 8 किलोमीटर दूर एक गांव में रहता था। उसका जन्म कार्डिफ में हुआ था।

घटनास्थल के नजदीक रहने वाले कोलिन पैरी ने BBC को बताया कि इस हमले से पहले सड़क पर हंगामा हुआ था। एक हरे रंग की शर्ट डी और चेहरे पर मास्क लगाए शख्स टैक्सी से आया था, लेकिन उसने ड्राइवर को पैसे देने से इनकार कर दिया था। कुछ देर बाद उन्होंने छोटे बच्चों को खून से लथपथ देखा।

पैरी ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि वो हरी शर्ट पहना शख्स ही हमलावर है। उन्होंने कहा कि आसपास के लोगों ने बच्चों को वहां से दूर ले जाने की कोशिश की और दस से अधिक बच्चों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button