भाजपा के हरियाणा चुनाव संकल्प पत्र में 20 वादे:अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को हरियाणा चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी दी गई है। महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का वादा किया है। यह राशि कांग्रेस के कल जारी घोषणा पत्र से 100 रुपए ज्यादा है। इसमें 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने जैसी 20 बाते हैं।

रोहतक में संकल्प पत्र जारी करते हुए नड्डा ने कहा कि अस्पतालों में डायलिसिस फ्री होगा और चिरायु आयुष्मान योजना में 10 लाख तक इलाज मुफ्त हो सकेगा।

इस प्रोग्राम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, हरियाणा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के अलावा बड़े नेता मौजूद थे।

संकल्प पत्र जारी होने पर किसने क्या कहा..

नड्‌डा बोले- कांग्रेस का असली मेनिफेस्टो जमीन घोटाला

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने कहा कि मुझे ये सौभाग्य मिला है, हरियाणा की पवित्र भूमि से विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करने का मौका मिला है। हमे मेनिफेस्टो के बारे में अगर समझना हो, तो मैं एक बात कहता हूं, हम मेनिफेस्टों को कैसे देखें। संकल्प पत्र को लोगों की नजर में डायल्यूटेड बना दिया।

मैं सबसे पहले यह बताना चाहता हूं कि हरियाणा की छवि 10 साल पहले क्या थी। पहले हरियाणा में नौकरी के लिए पर्ची और खर्ची चलती थी। नौकरी के कारण लोगों को सजाएं तक हुई। हरियाणा जमीनों के घोटाले के लिए जाना जाता था।

उनका रियल मेनिफेस्टो ये था कि जमीन का घोटाला। किसानों की जमीन को हड़पना। उनकी जमीन की श्रेणी को बदलना। इसलिए आज हम संकल्प पत्र की बात करते हैं, हमारे लिए ये संकल्प पत्र जितना महत्वपूर्ण है। इसलिए हमने कहा है कि नॉन स्टाप हरियाणा। हम हरियाणा की सेवा नॉन स्टाप करते हैं।

भाजपा के लिए संकल्प पत्र सीरियस डाक्यूमेंट है। हम जो कहते हैं, वही करते हैं। इससे आपको साफ दिखेगा कि हरियाणा बदला है।

हरियाणा का एक्सपोर्ट दस साल पहले 68 हजार करोड़ था, जो आज ढाई लाख करोड़ से ज्यादा का हो चुका है।

पहले हरियाणा में 7 मेडिकल कॉलेज होते थे, जो आज 15 हो चुके हैं। पहले मेडिकल कॉलेज में 700 एमबीबीएस की सीटें थी, जो आज 2000 से ज्यादा हैं। हरियाणा में दस साल पहले पांच सौ करीब गांवों में बिजली थी, जो आज 5800 हो गया है।

यहां किसान की चर्चा बहुत होती है, कांग्रेस में ऐसे ऐसे नेता हैं, जो किसानों की बात करते हैं, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि पहले किसानों को एक-दो रुपए के चेक मुआवजे में मिलते हैं, आज लाखों रुपए किसानों को सरकार दे रही है। किसानों को पहले प्रति एकड़ 6 हजार रुपए मुआवजा मिलता था, लेकिन अब 15 हजार रुपए कर दिया था।

इसी तरह पहले 8 फसलों पर एमएसपी देते थे, लेकिन आज उन्हें 24 फसलों पर एमएसपी सरकार दे रही है। सरकार ने जो कहा था वह सब करके दिखा दिया। 10 साल पहले आपने किसी को रिपोर्ट कार्ड रखते देखा था?। आज हर खेत को पानी बीजेपी सरकार दे रही है। हमारी सरकार ने आज हर खेत तक पहुंचा दिया है।

हरियाणा में खेल को बढ़ावा देने के लिए 1000 खेल नर्सरियां बनाई जा चुकी हैं। पहले दिल्ली से हरियाणा के लिए चार घंटे लगते थे, लेकिन आज एक घंटा भी नहीं लगता। ये फर्क आपको साफ दिख रहा है।

हरियाणा में रेलवे का बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 गुना बढ़ा दिया है। ये मैंने सारी बातें आपको इसलिए बताई कि आप जनता के सामने सच की स्थिति को स्पष्ट कर सकें।

भाजपा के लिए संकल्प पत्र एक सीरियस डाक्यूमेंट हैं, इसमें हमने जो वादे किए हैं। वह 100 प्रतिशत देंगे।

बीजेपी ने ये 20 संकल्प रखे हैं। हरियाणा को नॉन स्टॉप रखने के लिए सिंग्नल आपको डाउन करना है। वह किसका करना है ये आपको तय करना है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले- सरकार बनने पर संकल्प पत्र लागू करेंगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन बड़ौली ने कहा कि आज 2024 के चुनाव को लेकर संकल्प पत्र भाजपा का जारी किया जा रहा है। इस संकल्प पत्र में जो भी बातें होंगी, उसे सरकार बनने पर लागू किया जाएगा। 2014 और 2019 में जो संकल्प पत्र भाजपा ने जारी किया था, उसके सभी वादे सरकार ने 10 सालों में पूरे किए हैं। हरियाणा में जो वातावरण बना है, वह भाजपा के पक्ष में है। जिस प्रकार केंद्र में मोदी जी की सरकार बनी है, वैसे ही हरियाणा में भी बीजेपी की सरकार बनेगी।

मेनिफेस्टो कमेटी चेयरमैन बोले- 2 लाख से ज्यादा सुझाव लिए

मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि 2 लाख से ज्यादा लोगों ने इस घोषणा पत्र को बनाने में अपने सुझाव दिए हैं। घोषणा पत्र बनाने के लिए कमेटी ने हर जिले में जाकर समाज के हर वर्ग से बातचीत करने की कोशिश की है। इस बार हमारे घोषणा पत्र में एरिया वाइज जरूरत की चीजों का शामिल किया है।

इस पत्र में हर जिले के लिए कुछ न कुछ रखा गया है। उसमें महिला, युवा, किसान, उद्योगपति, छोटे व्यापारी, पिछड़े वर्ग के लोग, हमारे बेरोजगार युवा समाज के हर वर्ग के लिए संकल्प पत्र में कुछ न कुछ रखा गया है।

हमारे संकल्प पत्र में ऐसी घोषणा नहीं करते हैं, जो हम पूरी न कर सकें। हमारे पास जो बजट होता है हम उसी के हिसाब से ही रखा है। धनखड़ ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ पार्टियां ऐसी घोषणाएं करते हैं जो वह कभी पूरी नहीं कर पाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जो पार्टी झूठे वादे करती हैं, वह क्या उन वायदों को पूरा कर पाएंगी।

CM नायब सैनी बोले- भ्रमित करने वाले वादे नहीं करते

हमारा जो लक्ष्य है, वह हमने किया है। 2014 में जो हमारा मेनिफेस्टों था उसके सभी वायदे हमने पूरे किए। 187 वायदे हमने किए थे, वह पूरे किए। ऐसे ही 2019 में हमने 265 वायदे अपने संकल्प पत्र में किए थे, जो हमने पूरे किए। तभी जनता भाजपा पर दस सालों से भरोसा करते आ रही है।

दूसरे दल इस तरह के वादे करते हैं, जो भ्रामक करते हैं। वह ऐसे वादे करते हैं, जो दिग्भ्रमित करते हैं। हम चुनाव के बाद पहले अपने किए वादे पूरे करते हैं। इस बार भी हम अपने संकल्प पत्र पर गति से काम करते हैं।

हमारे 24 हजार युवा साथी थे, जिनके भर्ती परिणाम को कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने रोक दिया। हम यह आश्वासन देते हैं कि जैसे ही सरकार बनेगी, हम पहले उन्हें नियुक्ति पत्र देंगे, इसके बाद शपथ लेंगे।

जनता अब कांग्रेस के शेखचिल्ली बातों से त्रस्त हो चुके हैं। दूसरे राज्यों में भी जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां की जनता कांग्रेस की सरकार से त्रस्त हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button