भारत बोला- पाकिस्तान एक नाकाम देश:दान के पैसों पर जिंदा रहता है, UN में दिए इनके भाषण में पाखंड की बू आती है

पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोप लगाता रहा है। इस पर भारत ने कहा- पाकिस्तान एक नाकाम देश है, जो खुद दान के पैसों पर जिंदा रहता है। संयुक्त राष्ट्र (UN) में इनके प्रतिनिधियों की तरफ से दिए गए भाषणों में पाखंड की बू आती है।

UN में भारत के स्थायी मिशन के अधिकारी क्षितिज त्यागी ने जेनेवा में आयोजित संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 58वें सत्र की सातवीं बैठक में ये बातें कहीं।

भारत ने कहा- पाकिस्तान हमेशा झूठ फैलाता है

क्षितिज त्यागी ने कहा कि हमें इसमें कोई आश्चर्य नहीं होता कि पाकिस्तानी नेता आतंकियों की तरफ से प्रचारित झूठ को फैलाते हैं। पाकिस्तान ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) को अपना मुखपत्र बताकर संगठन का मजाक उड़ा रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस संगठन का समय एक असफल राज्य द्वारा बर्बाद किया जा रहा है।

भारत बोला- पाकिस्तान पहले अपने यहां के हालात देखे

क्षितिज त्यागी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान की तरफ से लगाए गए आरोपों पर कहा- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न हिस्सा थे, हैं और रहेंगे। पाकिस्तान को भारत के बजाय अपने देश के हालात बदलना चाहिए।

त्यागी ने ये भी कहा, इनकी (पाकिस्तान) बयानबाजी में पाखंड की बू आती है। इसकी हरकतें अमानवीय हैं और ये शासन व्यवस्था चलाने में अक्षमता हैं। भारत लोकतंत्र, प्रगति और अपने लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।

19 फरवरी को भी भारत ने कहा था- जम्मू-कश्मीर हमारा अभिन्न हिस्सा

भारत की तरफ से 19 फरवरी को भी UN में जवाब दिया गया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में चर्चा के दौरान भारत के स्थायी राजदूत पी हरीश ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है, था और हमेशा रहेगा। पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर को लेकर टिप्पणी की गई थी।

पाकिस्तान मंत्री बोले थे- भारत में मानवाधिकारों का उल्लंघन

इससे पहले UNHRC को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के कानून, न्याय और मानवाधिकार मंत्री आजम नजीर तरार ने दावा किया कि कश्मीर में लोगों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button