भोपाल में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के सरकारी बंगले में चोरी, दिग्विजय बोले- जब थानों में पोस्टिंग की बोली लगेगी, तो…

भोपाल। कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के राजधानी में चार इमली स्थित शासकीय आवास में चोरी हो गई है। बताया जाता है कि अज्ञात बदमाश बंगले से कुछ नकदी और जेवरात लेकर चंपत हो गए। इस घटना के सामने आने के बाद जयवर्धन सिंह के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल पुलिस पर निशाना साधा और उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए

पुलिस को मिला सीसीटीवी फुटेज

इस मामले में हबीबगंज थाना प्रभारी अजय कुमार सोनी ने कहा कि मंगलवार की घटना है। जानकारी मिलने पर हमारी टीम मौकै पर भी पहुंची थी। फोरेंसिक की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। कुछ फिंगरप्रिंट मिले हैं। इसके अलावा कुछ सीसीटीवी फुटेज भी हमारे पास हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। फिलहाल किसी को हिरासत में नहीं लिया है।
पुलिस का कहना है कि चोरी जयवर्धन सिंह के आवास परिसर में बने ऑफिस में हुई। लगभग 12 हजार रुपये कैश गायब है। इसके अलावा कोई अन्य सामान चोरी नहीं हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दिग्विजय ने उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर तंज कसने के साथ-साथा पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘जब थाने की पोस्टिंग की बोली लगती है तो यही होगा। जयवर्धन सिंह के शासकीय आवास पर भी चोरी हो गई।’ उन्होंने अपनी इस पोस्ट में भोपाल पुलिस आयुक्त को भी टैग किया और पूछा कि आपसे क्या उम्मीद की जाए? साथ ही दिग्विजय सिंह ने तीन दिन पूर्व भोपाल में हुई लूट की एक वारदात का भी जिक्र किया, जिसमें एक सराफा कारोबारी की दुकान में हेलमेट पहनकर घुसे दो बदमाश सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button