भोपाल समेत कई जिलों में रही गर्मी, अगले 10 दिनों में बढ़ेगी ठंड

भोपाल : मध्य प्रदेश में ठंड के लिए अभी 10 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। गुजरात के आसपास बने एक प्रति चक्रवात की वजह से हवाओं की दिशा उत्तरी नहीं हो पाई है। इसकी वजह से दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हवाओं के रुख में मामूली बदलाव की वजह से रात के तापमान में मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई है।

पचमढ़ी में 12.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का तापमान

प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पचमढ़ी में रात का पारा 12.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। यह प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा। भोपाल में रात का सबसे कम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।

रविवार को 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। गुना, दमोह और रतलाम में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री के ऊपर रहा। भोपाल में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

प्रदेशभर के दिन और रात के तापमान में रविवार को औसतन एक डिग्री की गिरावट रही है। इसके बावजूद अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री तक अधिक है। चार से पांच दिन में प्रदेशभर में औसत तापमान में करीब एक से डेढ़ डिग्री तक की कमी की आने की उम्मीद की जा रही है।

47 साल पहले 35. 3 डिग्री था भोपाल में पारा

नवंबर महीने में भोपाल में सामान्य से अधिक तापमान दुर्लभ है। मौसम विज्ञान विभाग के डेटा के मुताबिक चार नवंबर 1977 को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। इस साल नवंबर के शुरुआती तीन दिनों में तापमान 35 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button