महाराष्ट्र चुनाव- शरद और बेटी सुप्रिया की राय अलग:पवार बोले- सीटों के आधार पर CM तय होगा

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले महा विकास अघाड़ी (MVA) में मुख्यमंत्री फेस को लेकर NCP (शरद गुट) की राय बंट गई है। NCP चीफ शरद पवार ने बुधवार (4 सितंबर) को कहा कि MVA चुनाव के बाद सीटों के आधार पर CM का नाम तय करेगी।

दूसरी तरफ, शरद पवार की बेटी और बारामती से NCP सांसद सुप्रिया सुले ने इसके उलट बयान दिया। सुप्रिया ने सोमवार (2 सितंबर) को कहा था कि हमारी पार्टी CM की रेस से बाहर है। हमें किसी पद में रुचि नहीं है। उद्धव ठाकरे या फिर कांग्रेस का कोई नेता CM बन सकता है।

शरद बोले- चुनाव के बाद CM पद पर फैसला होगा
शरद पवार बुधवार को कोल्हापुर में मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान उनसे CM फेस को लेकर सवाल पूछा गया। शरद पवार ने जवाब में कहा, ‘​​​​​​अभी मुख्यमंत्री के चेहरे पर जोर देने का कोई मतलब नहीं है। महा विकास अघाड़ी एक साथ बैठकर मुख्यमंत्री पद पर फैसला करेगी। विधानसभा चुनाव के बाद सीटों की संख्या के आधार पर फैसला होगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। अभी महा विकास अघाड़ी को बहुमत मिलना जरूरी है। लोगों के समर्थन के बाद स्थिर सरकार देना जरूरी है।’

सुप्रिया बोलीं- हमारे लिए पद नहीं, सेवा मायने की रखती है
सुप्रिया सुले ने 2 सितंबर को एक मीडिया चैनल को दिए इंरव्यू में कहा था, ‘हमारे लिए सेवा मायने रखती है। हम पद को महत्व नहीं देते हैं। अगर देश की सेवा करनी है तो आप किस पद पर काम करते हैं, ये मायने नहीं रखता है। मैं बस चाहती हूं कि महाराष्ट्र का CM ऐसा हो जो दिल्ली के सामने न कभी झुका है, न कभी झुकेगा। हमारी पार्टी उस रेस में नहीं है।

सुप्रिया से जब पूछा गया कि क्या उद्धव ठाकरे फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इस पर NCP सांसद ने कहा कि कोई भी बन सकता है। उद्धव ठाकरे या कांग्रेस का कोई नेता भी CM बन सकता है।

लोकसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 9 सीटें मिली
भाजपा ने 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 104 सीटें जीतीं थी। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की वाली NCP शामिल है। लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र की 48 सीटों में भाजपा सिर्फ 9 सीटें जीत सकी। NCP (अजित गुट) को एक सीट जीती। शिवसेना (शिंदे गुट) को 7 सीटों पर जीत मिली।

दूसरी तरफ, महा विकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस ने 13, उद्धव गुट की शिवसेना ने 9 और शरद पवार की NCP ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की। MVA को 48 में से कुल 30 सीटें जीत मिली। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button