‘मैंने अपनी पत्नी को मार दिया’, खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा पति, मौके पर पहुंची पुलिस तो हकीकत आई सामने

ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पति-पत्नी के बीच विवाद का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी के सिर में कुल्हाड़ी मार कर उसे घायल किया। इसके बाद हथियार लेकर थाने में पहुंचकर अपना गुनाह कबूल भी कर लिया। आरोपी पति ने थाने में पहुंचकर कहा कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इस बात की पुष्टि के लिए जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि आरोपी की पत्नी घायल अवस्था में है। पत्नी की ऐसी हालद देखकर पुलिस ने उसे इलाज के लिए भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महल गांव कालोनी में रहने वाले 45 वर्षीय मालती पर उनके ही पति अंगद कुशवाहा ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर के पीछे और चेहरे पर काफी चोटें आई है। पीड़ित महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला
बताया जा रहा है कि मालती कुशवाहा और अंगद के तीन बेटे हैं। घटना की रात मालती के दो बेटे काम पर गए थे। छोटा बेटा घर पर था जो की पास ही लगी गणेश पंडाल में बैठा हुआ था। तभी किसी बात पर अंगद का पत्नी मालती से विवाद हो गया और अंगद ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे पत्नी घायल होकर गिर गई।
बेहोश पत्नी को में समझकर थाने पहुंचा पति
बेहोश पत्नी को मृत समझकर खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर आरोपी जब भागा तो उसे देखकर उसका छोटा बेटा दौड़ता हुआ घर पहुंचा तो देखा कि मां लहूलुहान पड़ी हुई है। तत्काल उसने बड़े भाई को सूचना दी। परिजन घायल महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पति सीधे पुलिस थाने पहुंचा और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायल महिला के छोटे बेटे का कहना है कि उनके पिता सनकी स्वभाव के हैं और उनका दिमागी संतुलन भी ठीक नहीं है। उनका इलाज भी कई बार करवाया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद आए दिन घर पर विवाद करते रहते हैं। इस मामले में सीएसपी अशोक जादौन ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है।





