‘मैडम, अक्षय की बीवी का मां से कोई लेन-देन नहीं…’ जब ऑटो में बैठीं ट्विंकल को ड्राइवर सुनाने लगा घर का हाल!

बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की वाइफ ट्विंकल खन्ना। किसी फिल्म में नजर आए इन्हें जमाना हो गया है। कैमरे की जगह चकाचौंध भरी दुनिया से दूर इन्होंने किताबों में सुकून पाया। जब करीबियों ने पाया कि उनके अंदर ठिठोलीपन भरा पड़ा है तो अपने इस मजाकिया अंदाज को किताब की शक्ल देने की नसीहत दे डाली। आजू-बाजू के लोगों की मदद, अरे मतलब मां डिंपल कपाड़िया, पति अक्षय कुमार और अन्य लोगों की मदद से उन्होंने ‘मिसेज फनीबोन्स’ को आखिरकार आकार दे ही दिया। इस बुक में एक किस्सा है। ऑटोवाले का। जो इन्हें पहचान नहीं पाया और अक्षय के परिवार को लेकर ऐसा अपडेट दिया कि सब चौंकते हुए हंस पड़े। आइए जानते हैं।

Twinkle Khanna अपनी बुक ‘मिसेज फनीबोन्स’ में लिखती हैं, ‘करीब पौने आठ बज रहे थे। मां डिंपल उनके घर चाय पर आईं। दोनों मां-बेटी गपशप कर रही थीं कि अचानक बेटा आरव दौड़ता हुआ आया और बताया कि उसे अपना इंग्लिश होमवर्क पूरा करने के लिए एक किताब की जरूरत है। बस। फिर क्या था। ट्विंकल ने बैग उठाया, बेटी नितारा को लिया, मां डिंपल तो साथ ही थीं और आरव सहित चारों निकल पड़े।’

ड्राइवर का अता-पता नहीं, बेटे ने दी ऑटो रिक्शा करने की सलाह

ट्विंकल और उनके बच्चे मां डिंपल के साथ रवाना हुए थे। ऐसे में उन्होंने अपने चौकीदार को हिदायत दी कि ड्राइवर को गाड़ी के साथ 20 मिनट बाद बुक स्टोर पर भेज देना, जो घर के नजदीक ही पड़ता है। सामान खरीद लिया, इंतजार कर लिया, लेकिन ड्राइवर साहब का कुछ अता-पता नहीं। आने-जाने वाले लोग उन्हें एकटक देखने लगे। तभी आरव ने सलाह दी कि ऑटो रिक्शा कर लेना चाहिए।

‘बेटी का मां से कोई लेना देना नहीं है’

जैसे ही ट्विंकल अपने बच्चों के साथ ऑटो रिक्शा में बैठीं और घर की ओर प्राइवेट रोड पर रवाना हुईं, तभी ऑटो रिक्शा वाले ने कुछ ऐसा बोल दिया कि एक्ट्रेस हैरान रह गईं। उसने कहा, ‘मैडम, वो हीरो अक्षय कुमार यहीं रहता था, पर आजकल बांद्रा में रहता है।’ ये सुनकर ट्विंकल का मुंह खुला का खुला रह गया। इससे पहले कि वो कुछ बोलतीं, ऑटो रिक्शा ड्राइवर अपनी बात आगे जारी रखते हुए कहता है, ‘अरे, उसकी शादी राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की बेटी से हुई है ना! बेटी का मां से कोई लेन-देन नहीं है। खासतौर पर अब, जबकि वो इकलौती वारिस है। अक्षय और उसकी फैमिली बांद्रा वाले बड़े बंगले में रहने चले गए हैं।’

ट्विंकल ने अक्षय को सुनाई आपबीती

ऑटो रिक्शा ड्राइवर की बातें सुनकर ट्विंकल मन ही मन आनंद ले रही थीं। वो उससे पूछती हैं कि उसे ये सब कैसे पता तो झट से जवाब हाजिर था, ‘मैडम, रिक्शा चलाता हूं, सब खबर रखता हूं।’ ट्विंकल जैसे ही घर पहुंचीं, उन्होंने अक्षय का सारा किस्सा एक सांस में कह सुनाया। बोलीं, ‘अरे सुनो! वैसे तो अक्षय पहले यहीं रहता था, पर अब वो बांद्रा में रह रहा है और उसकी बीवी अपनी मां से बहुत नफरत करती है और…।’

अक्षय ने कहा- तुम पगला गई हो

ट्विंकल के मुंह से ऐसी बातें सुनकर अक्षय ने आंख सिकोड़ी और कहा, ‘पहले तो तुम्हारे ऊपर थोड़ा बहुत असर दिखाई देता था, पर अब तुम पक्के तौर पर पगला गई हो। तुम ये अक्षय, उसकी बीवी, उसकी मां के बारे में क्या बड़बड़ा रही हो? आखिरी में अक्षय बोलते हैं, ‘तुम इडियट हो।’ और फिर बेटी झट से बोलती है, ‘कहां है इडियट, मुझे भी दिखाओ ना।’ बस चैप्टर खत्म।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button