यमुना जहर विवाद, केजरीवाल को 3 दिन में दूसरा नोटिस:चुनाव आयोग ने पूछा- कौन सा जहर मिलाया गया, 31 जनवरी तक सबूत दें

यमुना में जहर के आरोपों पर चुनाव आयोग ने गुरुवार को अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखकर 5 सवाल किए। ECI ने पूछा- यमुना में जहर कौन सा पाया गया है और यह किस जगह मिला। साथ ही केजरीवाल यह भी बताएं कि किन इंजीनियर्स ने इसे डिटेक्ट किया और उन्होंने पानी में जहर को रोकने के लिए क्या किया।

चुनाव आयोग ने इन 5 सवालों के जवाब के लिए केजरीवाल को शुक्रवार यानी 31 जनवरी सुबह 11 बजे तक का समय दिया। EC ने कहा है कि अगर केजरीवाल सफाई नहीं देते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव आयोग ने कहा कि वे यमुना में बढ़ रहे अमोनिया के लेवल बढ़ने के मुद्दे को यमुना में जहर और सामूहिक नरसंहार के आरोपों से न मिलाएं। इसे दो देशों के बीच युद्ध की कार्रवाई न मानें।

आयोग ने कहा कि केजरीवाल अमोनिया के बढ़ते लेवल के मुद्दे को जहर आदि के आरोपों से मिलाए बिना अपना तथ्यात्मक जवाब दें। केजरीवाल इस जवाब में जहर के प्रकार, क्वांटिटी, नेचर और दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों के जहर का पता लगाने के तरीके आदि सबूत पेश करें।

सिलसिलेवार पूरा मामला समझिए…

27 जनवरीः केजरीवाल ने यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया- 

अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है।

28 जनवरीः चुनाव आयोग ने केजरीवाल से सबूत पेश करने को कहा-

EC ने केजरीवाल से उनके यमुना के पानी में जहर वाले दावे पर बुधवार यानी 29 जनवरी रात 8 बजे तक सबूत मांगे। भाजपा की तरफ से केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद चुनाव आयोग ने कहा था- केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार पर बहुत गंभीर आरोप लगाया, जिससे राज्यों के बीच नफरत पनप सकती है।

29 जनवरीः मोदी बोले- यमुना का पानी प्रधानमंत्री भी पीता है- 

दिल्ली में रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा।

29 जनवरीः हरियाणा CM ने यमुना से पानी पीकर दिखाया- 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना नदी से पानी पीकर दिखाया। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर कहा कि मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। हालांकि इसका जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि सैनी ने पानी पिया नहीं, थूक दिया।

29 जनवरीः केजरीवाल ने चुनाव आयोग को जवाब दिया-

केजरीवाल ने चुनाव आयोग को बताया कि हरियाणा से दिल्ली आ रहा पानी इंसानी स्वास्थ्य के लिए बेहद जहरीला है। 14 पेज के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने वह बयान दिल्ली में पानी की क्वालिटी के कारण लोगों की सेहत को हो रहे नुकसान के संबंध में दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button