यूट्यूब से सीख कर छाप रहा था नकली नोट, बचने के लिए बच्चों के हाथ से कराता था इस्तेमाल, पुलिस ने ऐसे दबोचा

सिंगरौली: जिले के विंध्यनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 38,400 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने आरोपी के घर से कलर प्रिंटर, लैपटॉप, सादे कागज और विभिन्न मूल्यवर्ग के नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यूट्यूब से नकली नोट छापना सीखा था और पिछले 10 दिनों से यह काम कर रहा था। वह छोटे बच्चों को सामान खरीदने के लिए ये नकली नोट देता था ताकि दुकानदार इन्हें आसानी से पहचान न सके। एसएसपी निवेदिता गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने 100, 200 और 500 रुपये के नकली नोट छापे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने कुल कितने नकली नोट छापे और कहां-कहां खर्च किए।

इसके पहले भी हो चुके हैं कई खुलासे

बता दें कि इसके पहले भी प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं। इसके पहले टीकमगढ़ में भी पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। उनके पास से भी 100,200 रुपए के नकली नोट मिले थे। गिरोह से 22,100 रुपये के नकली नोट के साथ कलर प्रिंटर भी जब्त किया है। आरोपियों के अनुसार दुकानदार 100 और 200 रुपये के नोट को बारीकी से नहीं देखते हैं, इसलिए उन्होंने कियोस्क सेंटर पर ये नोट छापने शुरू किए। वहीं भोपाल में भी कुछ दिनों पहले नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button