राजिम में भाजपा के महेश के खिलाफ कांग्रेस से मैदान में पवन

राजिम । राजिम नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने बहुप्रतीक्षित अपनी सूची जारी कर दी है। भाजपा के महेश यादव के खिलाफ कांग्रेस से पवन सोनकर को उतारा है।
बता दें कि, महेश और पवन आपस में मितान हैं। इनकी बचपन से अटूट जोड़ी है, पर नगर पंचायत के इस चुनाव में दोनो आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस की ओर से जैसे ही पवन सोनकर का नाम घोषित हुआ वैसे ही राजिम कांग्रेस में नई जान आ गई है। सारे कांग्रेसी बस स्टैण्ड पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक स्थित पवन खाद भंडार के सामने इकट्ठा हो गए। ढोल- नगाड़े बजने लगे और खूब आतिशबाजी होने लगी। कांग्रेस के भीतर एक तरह से पिछले विधानसभा चुनाव के बाद करीब सवा साल में पहली बार काफी उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। सारे कांग्रेसी घर से निकलकर बस स्टेण्ड में इकट्ठा होने लगे और खूब नारेबाजी भी होने लगी।
उल्लेखनीय है कि, पवन सोनकर राजिम नगर पंचायत में 2014 से 2018 तक अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल को भी लोग आज याद करने लगे थे। सारे कांग्रेसी पंडित सुंदरलाल शर्मा की प्रतिमा में माल्यार्पण कर अपना शीष झुकाया और यहां से रैली के शक्ल में मेन रोड होते हुए पंडित श्यामाचरण शुक्ल चौक पहुंचे। इस चौक में पंडित शुक्ल की प्रतिमा में माल्यार्पण कर नमन करते हुए व्हीआईपी मार्ग से रेस्ट हाऊस की ओर मुड़कर नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौक पहुंचे। पंडित शुक्ल चौक और नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौक में कांग्रेसजनो ने अपने उत्साह का प्रदर्शन करते हुए खूब आतिशबाजी किया। यह रैली बस्ती से होते हुए पुन: पवन खाद भंडार पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button