राजौरी में सीमा पार से फायरिंग, एक जवान घायल:स्नाइपर अटैक हुआ

जम्मू में राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सीमा पार से हुई गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया। जवान की पहचान मन कुमार बेगा के रूप में हुई है। वह गोरखा रेजीमेंट का है।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बॉर्डर पार से स्नाइपर अटैक हुआ है। LoC पर ब्लास्ट भी हुआ, जिसके बाद तीन राउंड फायरिंग हुई। फिलहाल सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पिछले 20 दिनों में LoC पर फायरिंग की ये पहली घटना है। दरअसल 21 फरवरी को भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच फ्लैग मीटिंग हुई थी। यह मीटिंग पुंछ सेक्टर के चाका दा बाग (LoC ट्रेड सेंटर) में आयोजित की गई थी। जिसमें दोनों सेनाओं के ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी शामिल हुए थे।

पिछले चार सालों में दोनों देशों के बीच इस तरह की पहली मीटिंग थी। आखिरी फ्लैग मीटिंग 2021 में हुई थी। सूत्रों ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों के बीच बॉर्डर पर शांति बनाए रखने और सीजफायर पर सहमति बनी थी।

16 फरवरी 2025: जम्मू-कश्मीर में LoC पर स्नाइपर फायरिंग, एक भारतीय जवान घायल

जम्मू-कश्मीर में LoC पर 16 फरवरी को पुंछ सेक्टर में स्नाइपर फायरिंग हुई जहां एक भारतीय जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी भी हुई।

13 फरवरी 2025: पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की खबर, सेना ने खंडन किया

13 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में गोलीबारी की खबर आई थी। सोशल मीडिया पर भी पाकिस्तानी अधिकारियों का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे अपने सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाई दिए थे। कुछ रिपोर्ट्स में 6 लोगों के मारे जाने की बात कही गई। हालांकि, भारतीय सेना ने कहा था कि पाकिस्तान बॉर्डर पर युद्धविराम लागू है।

11 फरवरी 2025: LoC के पास IED ब्लास्ट, 2 जवान शहीद, एक घायल

जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में LoC के पास लालोली इलाके में IED ब्लास्ट हुआ। इसमें सेना के दो सैनिक शहीद हो गए थे।यह धमाका 11 फरवरी को करीब 3:50 बजे भट्टल इलाके में हुआ, जब सेना के जवान गश्त पर थे। सेना से जुड़े सूत्रों ने दावा किया था कि शहीद हुए फौजियों के नाम कैप्टन केएस बख्शी और मुकेश थे।

4 फरवरी 2025: सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया

भारतीय सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि घटना 4 फरवरी की रात पुंछ जिले में कृष्णा घाटी के पास हुई थी जब LoC के पास घुसपैठ की कोशिश की गई। सूत्रों का दावा था कि भारतीय सेना की फॉरवर्ड पोस्ट पर हमले की प्लानिंग थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button