रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के फूड स्टाल पर बिरयानी में मिला कीड़ा

भोपाल। राजधानी का रानी कमलापति रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस है, जहां यात्रियों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं मुहैया कराने का दावा किया जाता है। लेकिन हकीकत इससे उलट है। सोमवार रात एक यात्री ने इस स्टेशन के फूड कोर्ट से बिरयानी खरीदी, जिसमें उसे कीड़ा नजर आया।
बिरयानी खरीदने वाले युवक ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे में हडकंप मच गया। मंगलवार को आरएलडीए के अधिकारियों ने स्टाल का संयुक्त निरीक्षण किया। साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर स्टाल संचालक पर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पिछले कुछ दिनों से रेलवे में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें खाद्य पदार्थ घटिया गुणवत्ता के पाए गए। कहीं रेल यात्री के भोजन में कीड़े मिले तो कहीं खाना ही खराब मिला। इन घटनाओं के सामने आने के बाद यात्रियों की नाराजगी सामने आ रही है, वहीं रेलवे बचाव की मुद्रा में है और खान-पान स्टाल की विशेष जांच कराई जा रही है। इसके बावजूद इस तरह की घटना का दोहराव सामने आ गया।
यात्री ने यहां से खरीदी थी बिरयानी
जानकारी के अनुसार जितेंद्र कुमार नाम का युवक सोमवार रात करीब 11 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन परिसर में फूड कोर्ट स्थित अवध फूड्स में बिरयानी खाने पहुंचा। यहां परोसी गई बिरयानी में उन्हें कीड़ा दिखाई दिया। जब उन्होंने फूड स्टाल संचालक से इसकी शिकायत की तो उसने मानने से इंकार कर दिया। इस बिरयानी के लिए उन्होंने 230 रुपये का भुगतान भी किया। जितेंद्र की शिकायत सामने आने के बाद रेलवे सक्रिय हुआ।
अधिकारी करते हैं निरीक्षण
भोपाल मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर खानपान की शिकायतें लगातार आ रही है। अधिकारी भी समय-समय पर स्टेशन का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके बावजूद वेंडर स्टाल पर न तो साफ-सफाई रख रहे हैं। इसके अलावा खुले में खाने के पैकेट रखे रहते हैं।
इनका कहना है
जानकारी मिलने के बाद स्टाल का संयुक्त निरीक्षण किया गया। स्टाल में साफ-सफाई की कमी पाई गई है। स्टाल संचालक पर जुर्माना लगाया गया है।
– मयूर जैन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आरएलडीए





