वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात झा का गुरुग्राम के अस्पताल में निधन, कल बिहार के पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

भाजपा में शोक की लहर, सीएम ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर भाजपा में शोक की लहर है। सीएम डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अनेक नेताओं ने झा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पार्टी के लिए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा- भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता आदरणीय प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्यप्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
वहीं मप्र भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताऔर मप्र भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें।
उन्होंने कहा कि प्रभातजी ने अपना सम्पूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार एवं उसको सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन एवं स्नेह मिलता रहा है, उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।





