व्हाइट हाउस ने अप्रवासियों का VIDEO पोस्ट किया:जंजीर-बेड़ियों से बांधकर लोगों को प्लेन में चढ़ाया

अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने मंगलवार को X पर एक वीडियो पोस्ट किया है। 41 सेकेंड के इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे अवैध अप्रवासियों को जंजीरों-बेड़ियों में जकड़कर प्लेन में चढ़ाया गया।

वीडियो में दिखता है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मी एक-एक कर जमीन पर हथकड़ियां और बेड़िया रख रहे हैं। फिर लोग आते हैं और उन्हें हाथ-पैरों और कमर में बेड़ियों और जंजीरों में बांधा जाता है। वीडियो के आखिर में लोगों को प्लेन में चढ़ते दिखाया गया है।

व्हाइट हाउस ने इस वीडियो का कैप्शन दिया है- ASMR: इलीगल एलियन डिपोर्टेशन फ्लाइट। ये कैप्शन एक तरह से अमेरिका से निकाले गए लोगों का मजाक उड़ाने जैसा है क्योंकि ASMR वो आवाजें हैं जो तनाव कम करती हैं, सुकून देती हैं और दिमाग को रिलैक्स करती हैं।

अमेरिका ने भारतीय अप्रवासियों को बेड़ियां-हथकड़ियां पहनाकर भेजा

बीते दिनों अमेरिका ने तीन मिलिट्री फ्लाइट से 332 भारतीयों को वापस भेजा। पहली फ्लाइट 5 फरवरी को लैंड हुई थी। इसमें सभी लोगों को हथकड़ियां-बेड़ियां और जंजीर पहनाकर लाया गया था। इसे लेकर देश में हंगामा हुआ। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे कि लोगों के साथ ऐसा व्यवहार न किया जाए।

इस के बाद 15 और 16 फरवरी को दो और फ्लाइट में लोगों को लाया गया। इसमें महिलाओं और बच्चों को छोड़कर पुरुषों को पहले की ही तरह लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button