शातिर वाहन चोर को पुलिस ने दबोचा, दो वाहन बरामद

भोपाल। पुराने शहर में हनुमानगंज थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपित आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पूर्व से भी चोरी के अपराध दर्ज हैं। आरोपित से वाहन चोरी के अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है।

मुखबिर से मिली थी सूचना

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अल्पना टाकीज के पीछे एक स्कूटर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। संभवत: यह दोपहिया वाहन चोरी का है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची, तो पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने को कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और हिरासत में लेकर स्कूटर के बारे में पूछताछ की गई। उसने बताया कि यह स्कूटर उसने ज्योति टाकीज के पास से चोरी की थी। इसे वह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था। आरोपित की पहचान चर्च रोड, जहांगीराबाद निवासी 30 वर्षीय राजा मियां के रूप में हुई। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भोपाल प्लाजा बैंक के पास से एक बाइक चोरी कर उसे पुठ्ठा मिल के पास झाड़ियों में छिपा कर रखना बताया। युवक की निशानदेही पर बाइक को भी बरामद कर लिया गया। आरोपित के खिलाफ एमपी नगर, जहांगीराबाद, हनुमानगंज में पहले से चोरी के केस भी दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button