संसद में बजट सत्र का 13वां दिन:राज्यसभा में सपा सांसद के राणा सांगा को लेकर बयान पर हंगामा; भाजपा ने मांफी की मांग की

संसद में बजट सत्र के 13 वें दिन सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर हंगामा जारी है। आज इस मुद्दे पर राज्यसभा में भी हंगामा हुआ।

भाजपा ने बयान को लेकर माफी की मांग की। हालांकि रामजीलाल सुमन बयान पर माफी मांगने से इनकार कर चुके हैं। हंगामे के चलते दोपहर 12 बजे तक राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

इससे पहले, लोकसभा में गुरुवार को इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स बिल 2025 पास हो गया। बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल से बांग्लादेशियों और रोहिंग्या की घुसपैठ हो रही है।

उन्होंने कहा- ऐसे में जो लोग भारत की व्यवस्था में योगदान करने, व्यापार और शिक्षा के लिए आते हैं, ऐसे सभी लोगों का स्वागत है। लेकिन चाहे रोहिंग्या हो या बांग्लादेशी अगर यहां अशांति फैलाने के लिए आते हैं, तो ऐसे लोगों के साथ बड़ी कठोरता के साथ व्यवहार होगा। अगर कोई भारत को नुकसान पहुंचाने की मानसिकता के साथ आता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।

शाह के स्पीच की 7 बातें, कहा- जिनके इरादे गलत हैं, उन्हें रोका जाएगा

नियम बनाकर अवैध घुसपैठियों को रोक रहे: हमारी सीमा पर कुछ संवेदनशील स्थान हैं, सेना के अड्डे हैं, उनको दुनियाभर के लिए खुले नहीं छोड़ सकते थे। पहले भी घुसपैठियों को रोका जाता था, लेकिन तब इसका नियम नहीं था। हममें हिम्मत है नियम बनाकर रोकने की। पूरी व्यवस्था को वैज्ञानिक तरीके से एक कानून में बांधने का काम किया गया है।

भारत आए विदेशियों की जानकारी पुख्ता होगी: सुरक्षा की दृष्टि से ड्रग्स कार्टल, घुसपैठियों की कार्टल, हवाला व्यापारियों को समाप्त करने की व्यवस्था हम इस बिल में कर रहे हैं। पासपोर्ट एक्ट में पासपोर्ट-वीजा अनिवार्य होगा। विदेशियों के रजिस्ट्रेशन को और पुख्ता किया जाएगा।

पहले ये कानून ब्रिटेन में बने थे अब नई संसद में: अप्रवासियों से जुड़े कानून 1920, 1930 और 1946, ब्रिटेन की संसद में बने थे। भारत का कानून अब भारत की नई संसद में बन रहा।

विदेशी यात्रियों की सुविधा के लिए चौकियां बढ़ाईं: विदेशी यात्रियों की सुविधा के लिए हमने 73% अप्रवासन चौकियां बढ़ाई हैं। 2024 में आठ करोड़ 12 लाख आवाजाही हुई है। फास्टैग अप्रवासन यात्री कार्यक्रम हमने आठ एयरपोर्ट पर लागू किया है, जिसमें यात्रियों की जांच में 30 सेकंड समय लगेगा।

फेंसिंग के लिए ममताजी नहीं दे रहीं जमीन: पश्चिम बंगाल से बांग्लादेशियों और रोहिंग्या की घुसपैठ हो रही है। 450 किमी आपकी कृपा से खुली सीमा है, वहीं से घुसपैठ है, वहीं नागरिक बनते हैं, आधार कार्ड बनते हैं और देशभर में फैल जाते हैं। जितने घुसपैठिए पकड़े गए हैं, सबके पास 24 परगना के आधार कार्ड मिले हैं। ‘जहां फेंसिंग लगाने जाते हैं, सत्ताधारी पार्टी का कैडर हुड़दंग करता है, धार्मिक नारे लगाता है। ये फेंसिंग रुकी है तो केवल बंगाल सरकार के कारण रुकी है। ममताजी भूमि दे दें तो हम 450 किलोमीटर फेंसिंग कर देंगे।

विदेशियों को ब्लैक लिस्ट कानून के हिसाब से होगा: अब तक एजेंसियां विदेशियों को ब्लैक लिस्ट करती थीं। इसका कोई औचित्य नहीं था। इमिग्रेशन और फॉरेनर्स बिल 2025 कानून 36 धाराओं में है। इसमें पूरे प्रोसेस को कानूनी रूप दिया गया है। सारे एक्शन इसी हिसाब से होंगे। कोई विदेशी एयरपोर्ट या बंदरगाह की जगह कहीं और से आएगा तो उसे गैरकानूनी माना जाएगा।

भारत धर्मशाला नहीं है: ‘सरकार उन लोगों का स्वागत करने के लिए तैयार है जो टूरिज्म, एजुकेशन, हेल्थ सर्विस या बिजनेस के लिए भारत आना चाहते हैं। मोदी सरकार केवल उन लोगों को भारत आने से रोकेगी जिनके इरादे गलत हैं। जो हमारे लिए खतरा पैदा करेंगे उनसे गंभीरता से निपटा जाएगा। यह देश कोई धर्मशाला नहीं है।’

संसद में बजट प्रक्रिया पूरी

राज्यसभा ने गुरुवार को फाइनेंस बिल 2025 35 बदलावों के साथ लोकसभा को लौटा दिया। सदन ने एप्रोप्रिएशन बिल भी को भी ध्वनिमत से लौटा दिया। इसी के साथ संसद में 2025-26 की बजट प्रक्रिया पूरी हो गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दोनों बिल आज ही सदन में पेश किए थे। लोकसभा ने 25 मार्च को फाइनेंस बिल और 21 मार्च को एप्रोप्रिएशन बिल पास किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button