सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- प्रगति के पथ पर जापान और मध्य प्रदेश चलेंगे साथ-साथ

भोपाल। जापान ऐतिहासिक रूप में गौतम बुद्ध की परंपरा से जुड़ा है और भारत गौतम बुद्ध की धरती है। मध्य प्रदेश में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं, जापान और मध्य प्रदेश साथ मिलकर महत्वपूर्ण कार्य कर सकता है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बात मंगलवार को जापान स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित शो इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपार्चुनिटीज इन मध्य प्रदेश के अवसर पर उद्योगपतियों से संवाद करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप जापान और मध्य प्रदेश प्रगति के पथ पर विश्वस्त सहयोगी के रूप में अग्रसर होंगे। अनंत संभावनाओं की भूमि मध्य प्रदेश में निवेश करें, हम आपको हर संभव सहयोग करेंगे।

मंगलवार को टोक्यों पहुंचे थे

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को 24, 25 फरवरी को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह ही जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। यहां पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने टोक्यो में ट्रायबल कोआपरेटिव मार्केटिंग डेवलेपमेंट फेडरेशन आफ इंडिया के ट्राइबल प्रोडक्ट मार्केट का अवलोकन किया।

निवेशकों से चर्चा की

उन्होंने जापान के टोक्यो में एडोगावा सिटी स्थित गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। अपर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेंद्र कुमार सिंह ने निवेशकों से चर्चा की।

जापान से जुड़े हैं मप्र के व्यावसायिक संबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसन्नता और गर्व का विषय है कि जापान से मध्य प्रदेश के व्यावसायिक संबंध भी जुड़े हैं। वर्ष 2023-24 में मध्य प्रदेश से जापान को 92.8 मिलियन डॉलर का निर्यात किया गया, इनमें एल्युमिनियम से बनी वस्तुएं, कार्बनिक रसायन, परमाणु रिएक्टर्स, बायलर्स, यांत्रिक उपकरण, फार्मास्युटिकल उत्पाद सहित अन्य मशीनरी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button