सीएम हाउस में विधायक दल की अहम बैठक:हेमंत सोरेन के दोबारा सीएम बनने की अटकलें

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन 5 दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं। उनकी रिहाई के साथ ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। सीएम आवास पर आज इंडिया ब्लॉक की बैठक हो रही है।

सियासी गलियारे में सीएम का चेहरा बदलने की चर्चा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हेमंत फिर सीएम की कुर्सी संभाल सकते हैं। कयासों के बीच सीएम चंपाई सोरेन ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। हालांकि जेएमएम, कांग्रेस, राजद और माले की ओर से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

बैठक को लेकर सीएम हाउस में विधायकों और मंत्री का आना जारी है। इस बैठक में सरकार के तमाम मंत्री और विधायक शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी बैठक में शामिल हो रहे हैं।

सीएम चंपाई के सभी कार्यक्रम हुए स्थगित

आज की इस बैठक को कई लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंगलवार से ही सीएम चंपाई सोरेन के कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। सभी कार्यक्रम को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।

मंगलवार को सीएम चंपाई सहित कई मंत्रियों के राज्य के अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम प्रस्तावित थे, उसे भी स्थगित कर दिया गया है।

इसके बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर मिलने गए।

सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है। इस भेंट को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी सीएम चंपाई सोरेन से मुलाकात की है।

क्या फिर सीएम बनेंगे हेमंत सोरेन

आज की इस बैठक को राज्य की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, ऐसे में इस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। बैठक से पहले ही सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है और चर्चाओं का बाजार गर्म है।माना जा रहा है कि विधायकों की मौजूदगी में बड़ा फैसला हो सकता है।

चर्चा है कि सत्ताधारी विधायक हेमंत सोरेन को फिर से नेतृत्व सौंपने पर अपना मंतव्य दे सकते हैं। फिर कोई बड़ा सियासी फैसला लिया जा सकता है। इसे लेकर सत्तापक्ष के भीतर हलचल तेज है। वहीं हेमंत सोरेन के जेल से आने के बाद से कल्पना सोरेन भी पहले से और अधिक सक्रिय हो गई हैं। कल्पना के साथ होने को राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव पर की जाएगी चर्चा

आज की इस बैठक को लेकर जेएमएम महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि गठबंधन की बैठक बुलाई गई है। इसमें वर्तमान राजनीति परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा होगी। सरकार ने अब कितना काम किया, क्या काम हुआ इन सब पर बात होगी। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि बैठक विधानसभा चुनाव को लेकर बुलाई गई है। इस बैठक में जो निर्णय होगा व सर्वमान्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button