हरियाली बढ़ाने कलेक्टर ने किया निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों को थमाया नोटिस, गोशाला में भी पहुंचे

भोपाल। जिले की ग्राम पंचायतों में पानी, साफ-सफाई, गोशालाओं के हालात, सड़कें और पौधारोपण के हाल जानने मंगलवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत धमर्रा में पानी की टंकी के आसपास पौधारोपण के लिए गड्ढे नहीं करने पर कलेक्टर ने पीएचई के एसडीओ ओमप्रकाश तिवारी और सब इंजीनियर देवेंद्र को नोटिस देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में पानी की टंकियों के आसपास पौधारोपण किया जाना चाहिए। इसके अलावा कलेक्टर ने पंचायत और शहरी क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

गोशाला में मिले सिर्फ 25 गोवंश, दर्ज थे 96

कलेक्टर ने गुनगा स्थित मनीखेड़ी में पंचायत द्वारा चलाई जा रही गोशाला का निरीक्षण किया। यहां 96 गोवंश दर्ज थे, लेकिन मौके पर 25 गोवंश मिले। गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की समझाइश दी। एनजीओ को गोशाला की जिम्मेदारी दी जाए, जिससे उनकी अच्छे से देखरेख की जा सके।
इससे पहले कलेक्टर जेपी अस्पताल स्थित नाले की सफाई देखने पहुंचे, जहां उन्होंने अपर आयुक्त निधि सिंह को हिदायत दी कि वह नालों की सफाई पर निगरानी रखें। इसके साथ जहां भी वर्षा के पानी से जलभराव के हालात बनते हैं, वहां निगम जल निकासी का पहले ही इंतजाम करें।
उन्होंने गुनगा स्थित धमर्रा पंचायत में ग्रामीणों से नलजल योजना से आने वाले पानी के बारे में जानकारी ली। पूछने पर ग्रामीणों ने बताया कि पानी की नियमित रूप से आपूर्ति की जाती है।

सरकारी जमीन पर बनेगा तालाब

कलेक्टर ने धमर्रा में सरकारी जमीन पर तालाब बनाने की बात कही। उन्होंने पंचायत सरपंच सहित अधिकारियों से कहा कि गांव में तालाब का निर्माण किया जाए, जिससे गांव का जलस्तर बढ़ाया जा सके। उन्होंने तालाब निर्माण में जनसहयोग लेने की बात भी कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button