13 साल के बच्चे पर कत्ल का आरोप… OTT पर नई सीरीज Adolescence देख सबके उड़े होश, हंसल मेहता बोले- तबाही है ये

कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें देखकर दिमाग घूम जाता है। मन के भीतर युद्ध चलने लगता है। एक ऐसी ही कहानी पर बनी नई वेब सीरीज ‘एडोलसेंस’ देख हर कोई दंग है। यहां तक कि बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर हंसल मेहता भी इसके कायल हो गए हैं। उन्होंने तो इसे ‘तबाही’ बताते हुए सारे अवॉर्ड इसके नाम कर देने की सिफारिश की है। चार एपिसोड की इस साइकोलॉजिकल ड्रामा की कहानी हत्या, जहरीली मर्दानगी का दंभ और टूटे-बिखरे परिवारों के संघर्ष के ऊपर है। कहानी के केंद्र में एक 13 साल का बच्चा है, जिस पर अपने ही क्लासमेट की हत्या का आरोप है।
‘एडोलसेंस’ को हिंदी में किशोरावस्था कहते हैं। यह बचपन और वयस्क होने के बीच का चरण है, जो आमतौर पर 10 से 19 साल की उम्र के बीच होता है। इसमें इंसान में शारीरिक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक स्तर पर ढेर सारे बदलाव होते हैं।