भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर गुरुवार शाम भारतीय समय के मुताबिक 6 बजकर 30 मिनट से स्पेसवॉक शुरू किया। इस दौरान उनके साथ एस्ट्रोनॉट बुच विल्मोर भी थे।

करीब 5.5 घंटे तक चलने वाले इस स्पेसवॉक के दौरान दोनों ISS के बाहरी हिस्से को साफ किया और सूक्ष्मजीव प्रयोग के लिए नमूने लिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पता चलेगा कि ISS पर सूक्ष्मजीव जीवित हैं या नहीं। इसके अलावा ISS से टूटा हुआ एंटीना भी अलग किया।

सुनीता विलियम्स का यह 9वां स्पेसवॉक था। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन के 60 घंटे और 21 मिनट को रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सबसे ज्यादा समय तक स्पेसवॉक करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे अब तक अंतरिक्ष में कुल 62 घंटे 6 मिनट की स्पेसवॉक कर चुकी है। बुच विल्मोर का यह पांचवां स्पेसवॉक है।

सुनीता ने 15 दिन में दूसरी बार स्पेसवॉक किया 

सुनीता विलियम्स का यह 15 दिन के भीतर दूसरा स्पेसवॉक है। उन्होंने 16 जनवरी को एस्ट्रोनॉट निक हेग के साथ साढ़े 6 घंटे तक स्पेसवॉक किया था। इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को 23 जनवरी को स्पेसवॉक करना था लेकिन उनकी तैयारी के लिए इस दिन को 7 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया।

NASA ने कहा कि अगर वहां सूक्ष्मजीव मिलते हैं तो प्रयोग से समझने में मदद मिलेगी कि वे अंतरिक्ष के वातावरण में कैसे जीवित रह पाते हैं और कैसे प्रजनन करते हैं। यह भी जानने की कोशिश की जाएगी कि वे अंतरिक्ष में कितनी दूर तक यात्रा कर सकते हैं। यह भी जांच की जाएगी कि ये सूक्ष्मजीव चंद्रमा और मंगल जैसे ग्रह पर जीवित रह पाएंगे या नहीं।

सुनीता विलियम्स के 8 दिन का सफर 10 महीने में बदला

सुनीता विलियम्स करीब 8 महीने से अंतरिक्ष में हैं। वे पिछले साल 5 जून को बुच विल्मोर के साथ ISS पर पहुंची थीं। उन्हें एक सप्ताह के बाद लौटना था। दोनों बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल के टेस्ट के लिए गए थे, लेकिन इसमें खराबी आने के बाद दोनों ISS पर ही रुक गए। इसके बाद से दोनों वहीं फंसे हुए हैं।

नासा ने सुनीता और बुच विल्मोर को फरवरी 2025 में इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से वापस लाने की जानकारी दी थी। लेकिन अब उनके लौटने में और ज्यादा वक्त लग सकता है। नासा ने पिछले महीने कहा था कि उन्हें मार्च 2025 के अंत का इंतजार करना होगा। यह तारीख अप्रैल की शुरुआत तक भी बढ़ सकती है।

नासा के मुताबिक सुनीता विलियम्स को अंतरिक्ष से वापस लाने के लिए स्पेसएक्स को नया कैप्सूल बनाना है। इसे बनाने में स्पेसएक्स को वक्त लगेगा, जिस वजह से मिशन में देरी होगी। यह काम मार्च के अंत तक पूरा किया जा सकता है। इसके बाद ही स्पेस में फंसे एस्ट्रोनॉट्स को वापस लाया जा सकेगा।

इलॉन मस्क अंतरिक्ष में फंसी सुनीता विलियम्स को वापस लाएंगे 

अमेरिका के नये राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पेस एक्स के CEO इलॉन मस्क से अंतरिक्ष में फंसी सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर को वापस लाने का काम सौंपा है। दोनों वैज्ञानिक पिछले साल जून से अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा- मैंने मस्क से उन दो ‘बहादुर अंतरिक्ष यात्रियों’ को वापस लाने को कहा है। इन्हें बाइडेन प्रशासन ने अंतरिक्ष में छोड़ दिया है। वे अंतरिक्ष स्टेशन पर कई महीनों से इंतजार कर रहे हैं। मस्क जल्द ही इस काम में लग जाएंगे। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे।

मस्क ने इसके जवाब में कहा कि हम ऐसा ही करेंगे। यह भयानक है कि बाइडेन प्रशासन ने उन्हें इतने लंबे वक्त तक वहां छोड़ रखा है। जबकि नासा ने अपने क्रू-मिशन के तहत दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाने के लिए स्पेसएक्स को कई महीने पहले ही शामिल कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button