मध्य प्रदेश के 26 शहरों में पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा, राजगढ़ में 14.4 डिग्री रहा

भोपाल। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने एवं हवाओं का रुख उत्तरी, उत्तर-पूर्वी होने से रात के तापमान में गिरावट बरकरार है। इसी क्रम में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया।
26 शहरों में रात में गुलाबी ठंड महसूस की गई। पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दिन का सबसे अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान सीधी में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज एक-दो दिन तक इसी तरह बना रह सकता है।
नमी कम होने से मौसम बना हुआ है शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वातावरण से नमी काफी कम होने से मौसम शुष्क बना हुआ है। इससे आसमान साफ है। हालांकि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव में 19 अक्टूबर को अरब सागर में केरल एवं उससे लगे दक्षिण कर्नाटक तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली का मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना कम है, लेकिन हवाओं के साथ नमी आने से बादल छा सकते हैं। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। इस वजह से अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम पर बने हुए हैं। शाम के बाद गुलाबी ठंड महसूस होने लगती है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी बना रह सकता है।





