भोपाल में 49 फीसदी ने छोड़ी देसी शराब:अंग्रेजी पीने वालों की संख्या 54 फीसदी बढ़ी, मॉल्ट की बिक्री में इजाफा

राजधानी में विदेशी शराब पीने वाले बढ़े हैं। यह जानकारी आबकारी विभाग के हाल में जारी आंकड़ों में सामने आई है। 2025-26 वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल, मई, जून) में 347 करोड़ रुपए की शराब बिकी है। पिछले साल इस अवधि में 276 करोड़ की शराब बिकी थी।
इस तिमाही नया ट्रेंड यह सामने आया कि देसी पीने वाले घट गए। इसकी बिक्री 49 फीसदी कम हुई है, जबकि विदेशी की खपत 54.15 फीसदी बढ़ी है। मॉल्ट की खपत में 24.96 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसी तरह ड्राट बीयर की खपत 25.66 फीसदी, वाइन की 18.61 फीसदी बढ़ी है।
विदेशी शराब की बिक्री के दो बड़े कारण सामने आ रहे हैं। पहला, ज्यादातर युवा विदेशी पीना पसंद कर रहे हैं। दूसरी, कम्पोजिट दुकानें होने की वजह से कई ठेकेदार सिर्फ विदेशी शराब ही उठा रहे हैं। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़े कहते हैं ठेकेदार कम कीमत की विदेशी शराब बेच रहे हैं, इसलिए देसी वाले अंग्रेजी पीने लगे हैं।
कार्रवाई में 13 फीसदी का इजाफा आबकारी की कार्रवाई में भी इजाफा हुआ है। इस तिमाही में 2483 प्रकरण बनाए गए। पिछले साल इसी अवधि में आबकारी विभाग ने कुल 2187 प्रकरण ही बनाए थे।
6.62 लाख प्रूफ लीटर ज्यादा बिकी अंग्रेजी शराब पिछली बार की अपेक्षा इस तिमाही में 6 लाख 62 हजार 813 प्रूफ लीटर विदेशी शराब ज्यादा बिकी है। माल्ट की बिक्री 9 लाख बल्क लीटर ज्यादा हुई है। ड्राट बीयर भी 6 हजार 835 बल्क लीटर ज्यादा बिकी।





