54 साल के मैथ्यू हेडन ने शिवम दुबे की बॉलिंग पर ठोके 3 लंबे छक्के, पीछे खड़े एमएस धोनी का भी मुंह खुला रह गया

नई दिल्ली: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आयोजित ‘ Roar 2026 ‘ कार्यक्रम केवल पुरानी यादों को ताजा करने तक सीमित नहीं रहा बल्कि मैदान पर उस समय रोमांच चरम पर पहुंच गया जब दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन ने एक बार फिर अपना पुराना रौद्र रूप दिखाया। सीएसके द्वारा अपने हॉल ऑफ फेम की शुरुआत के मौके पर आयोजित एक फ्रेंडली मुकाबले में हेडन ने भारत के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे को आड़े हाथों लिया और उनके एक ही ओवर में तीन गगनचुंबी छक्के जड़कर स्टेडियम में मौजूद फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया।
शिवम दुबे के ओवर में 3 छक्के
54 साल की उम्र में भी हेडन की फिटनेस और उनकी टाइमिंग देख हर कोई हैरान रह गया। शिवम दुबे जो अपनी घातक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं जब गेंद लेकर हेडन के सामने आए तो उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि हेडन आज भी उसी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं।
छक्कों की हैट्रिक
हेडन ने क्रीज का इस्तेमाल करते हुए पहली गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से स्टैंड्स में भेजा जिसके बाद अगली दो गेंदों पर भी उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से छक्कों की हैट्रिक पूरी की।
धोनी भी हुए हैरान
इस नजारे ने फैंस को साल 2009 की याद दिला दी जब मैथ्यू हेडन आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने वाले चेन्नई के पहले खिलाड़ी बने थे। उस समय वह अपने मशहूर मोंगूज बैट के साथ गेंदबाजों के लिए काल साबित होते थे। हालांकि इस प्रदर्शनी मैच में वह मोंगूज बैट तो नहीं था लेकिन हेडन के हाथों की ताकत और उनका फुटवर्क बिल्कुल वैसा ही नजर आया जैसा एक दशक पहले हुआ करता था। स्टेडियम में मौजूद सुरेश रैना और एमएस धोनी भी हेडन की इस बल्लेबाजी को देख अपनी मुस्कान नहीं रोक पाए।





