मालवा-निमाड़ अंचल में राहुल गांधी की लोकप्रियता का ग्राफ तय करेगा आदिवासी वर्ग

भोपाल। मालवा-निमाड़ अंचल की आठ लोकसभा सीटों पर आदिवासी वर्ग को साधने के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने रतलाम और खरगोन में सभा की। वह यहां की चुनावी हवा का रुख अपनी तरफ कितना कर पाए, यह तो चुनाव परिणामों आने पर पता चलेगा। इस अंचल की आठ सीटों में रतलाम, धार और खरगोन अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित हैं।
भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद तीसरी बार राहुल इस अंचल में आए। दरअसल, पार्टी को विधानसभा चुनाव में आदिवासी मतदाताओं का साथ मिला था, जिसके कारण कांग्रेस का इस अंचल से उम्मीद भी अधिक है। उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सात मई को खरगोन और धार में सभा कर पूरे अंचल के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया।
मालवा-निमाड़ अंचल में आदिवासी मतदाताओं की निर्णायक भूमिका रही है। यहां की 64 विधानसभा सीटों में से 22 आदिवासी वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। धार, खरगोन और रतलाम लोकसभा क्षेत्रों में आदिवासी मतदाताओं का रुझान ही परिणाम भी तय करता है।
इसे ध्यान में रखते हुए विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मालवा-निमाड़ अंचल के बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा से गुजरी थी। इनके अंतर्गत आने वाले 21 विधानसभा क्षेत्रों से यह निकली, जिसमें से 17 पर भाजपा ने जीत दर्ज की।
हालांकि, अंचल की 22 आदिवासी वर्ग के लिए सुरक्षित सीटों को देखें तो यहां कांग्रेस ने बढ़त बनाई। भाजपा को नौ, कांग्रेस को 12 और एक सीट भारत आदिवासी पार्टी को मिली थी। इसे ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मार्ग निर्धारित किया गया।
इसमें मालवा-निमाड़ की देवास, उज्जैन, धार और रतलाम लोकसभा सीट से यह गुजरी। इस दौरान शाजापुर, देवास, उज्जैन, धार और रतलाम में राहुल गांधी ने नुक्कड़ सभा, रोड शो किए। धार के बदनावर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी सभा की। चौथे चरण के चुनाव वाली सीटों में से रतलाम के जोबट और खरगोन के सैगांव में उन्होंने सभा कर आदिवासियों को संदेश देने का काम किया।
उधर, भाजपा भी मालवा-निमाड़ की सभी आठ सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए कोई कमी नहीं रख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धार और खरगोन में सभा कर चुके हैं तो मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत सभी वरिष्ठ नेता मोर्चा संभाल रहे हैं।
नए चेहरों पर लगाया दांव
प्रत्याशी चयन में भी पार्टी ने नए चेहरों पर दांव लगाया। खरगोन से पोरलाल खरते और धार से राधेश्याम मुवेल को प्रत्याशी बनाया। रतलाम सीट से स्थानीय समीकरणों को देखते हुए रतलाम सीट से पार्टी ने अपने कद्दावर आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया को मैदान में उतारा।





