36 घंटों से टापू पर फंसे दो किसान, रेस्क्यू के लिए कलेक्टर और SP ने झोंक दी पूरी ताकत, दिल्ली से झांसी तक मांगा हेलीकॉप्टर

टीकमगढ़: जिले की धसान नदी में पिछले 36 घंटे से दो किसान टापू पर फंसे हुए हैं। लगातार बारिश के चलते उन किसानों की हालत भी बिगड़ रही है, उधर प्रशासन टेंट लगाकर किसानों पर नजर रखे हुए हैं। टीकमगढ़ जिले के कुडीला पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले इमलिया घाट के पास चंदेरी गांव के रहने वाले दो किसान खेतों की रखवाली करने गए थे।
अचानक पानी बढ़ने से फंसे
वह जब रखवाली करने गए, तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ जाने से वह वहीं पर फंस गए। इसके बाद प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया लेकिन धसान नदी का तेज बहाव होने के कारण उनका रेस्क्यू हो नहीं पाया। बुधवार की सुबह से लेकर शाम तक टीकमगढ़ कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक आला अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा लेकिन उनका रेस्क्यू नहीं किया जा सका।





