FBI का दावा- रॉ ने रची पन्नू हत्या की साजिश:भारतीय नागरिक विकास यादव के खिलाफ चार्जशीट दायर

अमेरिका ने भारतीय नागरिक विकास यादव पर खालिस्तानी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोप तय कर दिए हैं। विकास पर हत्या की साजिश रचने के अलावा मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी लगाए गए हैं। अमेरिका की खुफिया एजेंसी FBI का कहना है कि विकास भारत की इंटेलिजेंस एजेंसी RAW से जुड़े थे।

FBI ने ये भी कहा कि भारत सरकार ने विकास को उनके पद से हटा दिया है। विकास पहले अमेरिका में थे। कुछ वक्त पहले वे भारत आ गए थे। वे हरियाणा राज्य में रेवाड़ी जिले के प्राणपुरा गांव के रहने वाले हैं। उन्हें 10 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, भारत ने FBI के इस दावे पर अभी तक कोई कमेंट नहीं किया है।

पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिकी कोर्ट ने 2 लोगों को आरोपी बनाया था। इसमें निखिल गुप्ता और CC1 नाम का एक शख्स शामिल था। अब FBI ने CC1 को ही विकास यादव बताया है। अमेरिका ने निखिल गुप्ता को पहले ही चेक रिपब्लिक से गिरफ्तार कर लिया था।

‘विकास ने निखिल को दी पन्नू की सारी जानकारी’

FBI ने चार्जशीट में कहा है कि विकास ने ही निखिल गुप्ता को इस साजिश में शामिल किया और निर्देश दिए, जिसमें पन्नू के बारे में पूरी जानकारी थी। इसमें पन्नू का एड्रेस, मोबाइल नंबर और रोजाना की हर एक गतिविधि शामिल थी।

इसके बाद ही गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए एक अपराधी से संपर्क किया, जिसे उसने कॉन्ट्रैक्ट किलर समझा था। हालांकि, वह असल में अमेरिका के ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का सीक्रेट एजेंट था। FBI का कहना है कि यादव ने इस हत्या के लिए 1 लाख डॉलर (करीब 83 लाख रूपए) देने की योजना बनाई थी।

अमेरिका ने ट्रूडो के दावे को नकारा- विकास का निज्जर की हत्या से ताल्लुक नहीं…

पन्नू की हत्या की साजिश में भारत का नाम आने के बाद कनाडाई PM जस्टिन ट्रूडो ने दावा किया था कि CC1 निज्जर की भी हत्या में शामिल था। हालांकि, अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि कनाडा में हुए निज्जर हत्याकांड से विकास का कोई संबंध नहीं है।

FBI का दावा ऐसे समय में सामने आया है जब कनाडा और भारत के रिश्ते तनाव से गुजर रहे हैं। कनाडा ने भारतीय डिप्लोमेट्स पर निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया। इसके बाद भारत ने हाई-कमिश्नर समेत 6 राजनायिकों को वापस बुला लिया है। इसके अलावा भारत ने कनाडा के डिप्लोमेट्स को भारत छोड़ने के लिए भी कहा।

पन्नू की हत्या की साजिश का मामला क्या है

पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक रिपब्लिक पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद 14 जून 2024 को निखिल को अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया था। निखिल पर अमेरिका में केस चलाया गया, जहां उसने खुद को निर्दोष बताया था।

अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, पन्नू को मारने साजिश पिछले साल सितंबर में PM मोदी के अमेरिका दौरे के वक्त की गई थी। भारत के एक पूर्व अफसर (विकास यादव) ने निखिल गुप्ता से पन्नू की हत्या की साजिश रचने को कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button