जांच एजेंसी बोली- रान्या राव राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा:DRI ने कोर्ट से 3 दिन की हिरासत मांगी

बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 14.2 किलो सोने के साथ पकड़ी गई कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यु इंटेलिजेंसी (DRI) ने गुरुवार को कोर्ट में यह बात कही। रान्या कर्नाटक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के DGP रामचंद्र राव की बेटी हैं।

रान्या को 3 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को DRI ने इकोनॉमिक ऑफेंस कोर्ट से रान्या की तीन दिन की कस्टडी मांगी। एजेंसी ने तर्क दिया कि उन्हें यह पता लगाना है कि सोना कहां से लाया गया पेमेंट कैसे हुआ, इसे छुपाने का तरीका क्या था और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।

उधर रान्या के वकील ने इसका विरोध किया। वकील ने कहा, जब रान्या को कोर्ट ने मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था तब DRI ने कस्टडी क्यों नहीं मांगी। DRI की इस मांग पर कोर्ट आज फैसला सुनाएगा।

रान्या के 45 देशों की यात्रा पर DRI को शक

DRI के मुताबिक रान्या के पासपोर्ट रिकॉर्ड और उपलब्ध डेटा के अनुसार वह अब तक 27 बार दुबई जा चुकी हैं और कुल 45 देशों की यात्रा कर चुकी हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि रान्या कोई नियमित नौकरी नहीं करतीं और उनके पास इतने फिल्म प्रोजेक्ट भी नहीं हैं जिससे इतनी बार विदेश यात्रा करने का कारण स्पष्ट हो सके।

रान्या से मेरा कोई वास्ता नहीं- DGP रामचंद्र राव

रान्या के गिरफ्तारी के बाद DGP रामचंद्र राव ने कहा- मेरा रान्या से कोई वास्ता नहीं है। मेरे करियर पर कोई काला धब्बा नहीं है। किसी भी अन्य पिता की तरह जब मीडिया के जरिए यह बात मुझे पता चली तो मैं हैरान हो गया। मुझे इनमें से किसी भी बात की जानकारी नहीं थी। मैं इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहता। रान्या अब हमारे साथ नहीं रह रही हैं। वे अपने पति के साथ अलग रह रही हैं।

BJP MLA बोले- यह सत्ता का दुरुपयोग है

इस मामले में कांग्रेस विधायक एएस पोन्नना ने कहा इस तरह के मामले में DGP की बेटी का फंसना एक्सीडेंटल है। वह एक आरोपी है और तस्करी की गतिविधियों में लिप्त हैं। कानून अपना काम करेगा। चाहे वह DGP की बेटी हो, आम आदमी की बेटी हो, मुख्यमंत्री की बेटी या प्रधानमंत्री की बेटी हो। कानून के लिए सब सामान हैं।

वहीं, भाजपा विधायक डॉ. भरत शेट्टी वाई ने कहा कि अगर यह सच है और इसमें लोकल पुलिस भी शामिल है तो यह सत्ता का दुरुपयोग है। सरकार को इस पर कड़ी कार्रवाई करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button