शिवराज सिंह चौहान बने दादा, बड़ी बहू ने दिया बेटी को जन्म, पोती को गोद में लेकर केंद्रीय मंत्री ने पढ़ा गायत्री मंत्र

केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में बुधवार को खुशियों का नया अध्याय जुड़ गया। दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स) में उनके बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान की पत्नी अमानत ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान दादा बन गए हैं। परिवार ने नवजात बच्ची का नाम ‘इला’ रखा है।
परिवार में खुशी का माहौल
बेटी के जन्म की खबर मिलते ही चौहान परिवार में उल्लास का माहौल बन गया। कार्तिकेय चौहान पहली बार पिता बने हैं, वहीं अमानत मां बनी हैं। शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह अब दादी बनी हैं। परिवार के अन्य सदस्यों कुणाल और ऋिद्धि (चाचा-चाची), अनुपम बंसल (नाना), रूचिता बंसल (नानी) और आर्यन (मामा) ने भी इस खुशी को साझा किया।
शिवराज सिंह चौहान ने साझा किया भावुक वीडियो
इस खास मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई है। कार्तिकेय पिता बन गए, अमानत मां। कोकिला (साधना) अब दादी जी हैं और मैं दादा।” वीडियो में डॉक्टर नवजात बच्ची को गोद में लेकर बाहर आते दिखाई देते हैं।





