मध्य प्रदेश में फिर बढ़ी कड़ाके की ठंड, राजगढ़ में पारा तीन डिग्री पर; अगले दो दिनों में बारिश का अलर्ट

भोपाल: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। वहां से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को रात का सबसे कम तीन डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया।

राजगढ़ में शीतलहर का प्रभाव रहा। 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दमोह, नौगांव, रीवा एवं टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार रात से मौसम का मिजाज बदल सकता है। बादल छाने के साथ रविवार से हल्की बारिश का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्वोत्तर असम पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के उत्तर-पूर्वी भाग पर चक्रवात के रूप में मौजूद है। उत्तर-पश्चिम भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 200 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। दो फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

रविवार-सोमवार को गरज चमक के साथ बारिश

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि ईरान के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार से बादल छाने लगेंगे। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है। साथ ही रविवार-सोमवार को प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button