अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भारत की टक्कर, हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी?

नई दिल्ली: अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में मैदान पर उतरेगी। टीम की भिड़ंत अफगानिस्तान से होने वाली है। यह मुकाबला हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा। भारतीय टीम अभी तक टूर्नामेंट में अजेय है। टीम ने अपने सभी मैचों में जीत हासिल की है। वहीं अफगानिस्तान को श्रीलंका से हार मिली थी लेकिन इसके अलावा टीम ने सभी मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। 6 खिलाड़ी के साथ टीम इंडिया अंडर-19 विश्व कप की सबसे सफल टीम है। पिछले 5 टूर्नामेंट में भारत ने हर बार फाइनल तक का सफर तय किया है।

भारत बनाम अफगानिस्तान हेड टू हेड

भारत और अफगानिस्तान की अंडर-19 टीम के बीच अभी तक 12 यूथ वनडे खेले जा चुके हैं। 2010 से 2024 के बीच हुए इन 12 मैचों में भारत को 10 जीत मिली है। अफगानिस्तान ने इस दौरान दो मैच अपने नाम किए। आखिरी बार 2024 में साउथ अफ्रीका में भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला हुआ था। उस मैच को भारत ने 9 विकेट से जीता था। अफगानिस्तान को दो जीत 2019 में लखनऊ में भारत के खिलाफ मिली थी।

फैसल सिनोजादा सबसे बड़ा खतरा

अफगानिस्तान के लिए इस अंडर-19 विश्व कप में फैसल सिनोजादा का बल्ला सबसे ज्यादा बोला है। 5 मैचों में 81 की औसत और 104 की स्ट्राइक रेट से वह 325 रन बना चुके हैं। इसमें एक शतक और 2 फिफ्टी शामिल हैं। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। गेंदबाजी में नूरिस्तानी ओमरजई अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा सफल रहे हैं। 5 मैचों में उनके नाम 12 विकेट हैं।

भारत को गेंदबाज जीत दिला रहे

भारत के लिए इस अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा 199 रन अभिज्ञान कुंडू के नाम दर्ज हैं। टीम को मिली जीतों में गेंदबाजों का योगदान अहम रहा है। हेनिल पटेल ने 11 विकेट चटकाए हैं तो आरएस अंबरीश और खिलान पटेल के नाम 8-8 विकेट दर्ज हैं। कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा पार्ट टाइम बॉलिंग से विपक्षी टीमों के होश उड़ा रखे हैं। कोई भी टीम भारत के खिलाफ अभी तक 200 रनों तक नहीं पहुंच पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button