रोहित शेट्टी फायरिंग केस: राजस्थान से एक और आरोपी धराया, हरियाणा से पहले ही चार की हो चुकी है गिरफ्तारी

मुंबई में रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही टीम को एक और सफलता हाथ लगी है। खबर मिली है कि मुंबई पुलिस ने राजस्थान से एक और आरोपी को हिरासत में लिया है। इससे पहले इस मामले में चार और संदिग्ध आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार हो चुके हैं। हाल ही में खबरआई थी कि इस मामले में एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ और मुंबई पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल मिलाकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक यादव( बहाबीजौली, जिला आगरा), दीपक शर्मा (सेक्टर-45 सादरपुर नोएडा), सनी (बहाबीजौली, आगरा) और सोनू (बहाबीजौली, आगरा) के रूप में हुई है।

आरोपियों का मकसद शहर में दहशत फैलाना

पुलिस ने पिछले दिनों कोर्ट को ये जानकारी दी है कि फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी में शामिल आरोपियों का मकसद शहर में दहशत फैलाना था। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कठोर कानून के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

इंस्पेक्टर सुनील पवार की टीम करेगी आगे की कार्रवाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉइंट ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के इन्चार्ज इंस्पेक्टर सुनील पवार की टीम को सौंप दिया गया है।

31 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर फायरिंग

बताया जा रहा है कि डीसीबी सीआईडी मुंबई में दर्ज केस नंबर 19/2026 से जुड़े इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। खबर ये भी है कि इन आरोपियों से एक मोबाइल फोन व बाइक बरामद की गई है। ‘अमर उजाला’ की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि इस जांच में इस बात की भी पता लगा है कि 31 जनवरी 2026 की रात आरोपियों ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने जांच शुरू की थी।

इससे पहले पांच आरोपी गिरफ्तार

इन चार से पहले इस मामले में इस मामले में पुलिस ने पहले ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इससे पहले आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18), स्वप्निल सकट (23) और आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया है। रोहित शेट्टी केस में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगा दिया गया है। पिछले हफ्ते पांचों आरोपियों की पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद स्पेशल मकोका कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी पांचों आरोपियों को 17 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

क्राइम ब्रांच ने इन आरोपियों की 15 दिनों की पुलिस कस्टडी की मांग की थी

इन आरोपियों पर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग करने का आरोप है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इन आरोपियों की 15 दिनों की पुलिस कस्टडी की मांग की थी, लेकिन स्पेशल कोर्ट ने इतनी लंबी कस्टडी देने से इनकार कर दिया और केवल 17 फरवरी तक की अवधि के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

पुलिस ने मकोका लगाने का फैसला किया

घटना के बाद पुलिस ने 12 टीमों का गठन किया। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच शुरू की और कुछ दिनों में ही इन पांचों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में कई खुलासे हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मकोका लगाने का फैसला किया। मकोका एक सख्त कानून है, जिसका इस्तेमाल संगठित अपराध, गैंगवार और वसूली जैसे मामलों में किया जाता है। इस कानून के तहत आरोपी को आसानी से जमानत नहीं मिलती और जांच के दौरान पुलिस को ज्यादा अधिकार मिलते हैं।

गिरफ्तार आरोपियों से कहा था कि मुंबई में कुछ बड़ा करना है

वहीं, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया था। फरार आरोपी शुभम लोनकर मुंबई में दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था। उसने गिरफ्तार आरोपियों से कहा था कि मुंबई में कुछ बड़ा करना है। क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने कोर्ट में बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिग्नल ऐप के जरिए शुभम लोनकर के सम्पर्क में था। शुभम ने उस आरोपी के बैंक अकाउंट में 40 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे।

शुभम ने अपने भाई प्रवीण लोनकर को तीन हथियार दिए थे

इसके अलावा, शुभम ने अपने भाई प्रवीण लोनकर को तीन हथियार दिए थे। प्रवीण ने ये हथियार रोहित शेट्टी फायरिंग केस में शामिल गिरफ्तार आरोपियों तक पहुंचाए। अब पुलिस प्रवीण लोनकर को कस्टडी में लेकर गहन पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि यह साजिश बड़ी हो सकती है। फरार शुभम लोनकर को जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी और निगरानी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button