दुर्ग में अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 टन कबाड़ और कई वाहन जब्त

दुर्ग। अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 टन लोहे का स्क्रैप और कई वाहनों को जब्त किया है। बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार, अवैध कबाड़ और स्क्रैप कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एसीसीयू क्राइम ब्रांच दुर्ग तथा थाना जामुल, सुपेला और कुम्हारी की संयुक्त टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।जामुल क्षेत्र में संचालित एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से लोहे का कबाड़ जमा कर उसकी कटिंग कर बिक्री किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड, भारी लोहे के कलपुर्जे, करीब 200 किलोग्राम तांबा, गैस कटर और गैस सिलेंडर बरामद किए गए।इसके अलावा अन्य स्थानों पर संचालित कबाड़खानों की जांच के दौरान भी बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पुराने दोपहिया वाहन और अन्य धातु सामग्री जब्त की गई। संयुक्त कार्रवाई में कुल 60 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई जा रही है, कई ट्रक, छोटा हाथी वाहन, बड़ी संख्या में पुराने दोपहिया वाहन और धातु कटिंग उपकरण पुलिस ने जब्त किए हैं।

इस मामले में पुलिस ने हीरामन साहू (आर्य नगर कोहका), राकेश मिश्रा (कोहका रोड सुपेला), शमसुद्दीन (कैलाश नगर कुम्हारी), राधिका साहू (दक्षिण गंगोत्री सुपेला), सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान (दक्षिण गंगोत्री सुपेला), मनोज गुप्ता (पावर हाउस रोड भिलाई), श्रवण कुमार देवांगन (कृष्णा नगर सुपेला), अजमत हुसैन (गुरुद्वारा के पास सुपेला) और धीरज चंद्राकर (लोहार पारा सुपेला) को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button