सरकार कह रही-कमी नहीं, लोग अभी भी लाइन में खड़े:बुकिंग हो चुकी, बिल जनरेट… फिर भी 50 हजार लोगों को सिलेंडर का इंतजार

भोपाल, सरकार का दावा है कि रसोई गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद होम डिलीवरी की सामान्य रूप से चल रही है। लेकिन, मैदानी स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है। सोमवार को भी शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जिन लोगों ने ऑनलाइन सिलेंडर बुक कराया है, उन्हें भी 5 से 6 दिन बाद डिलीवरी मिलने की जानकारी दी जा रही है।

इंडियन ऑयल सहित अन्य कंपनियों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू हो चुकी है, लेकिन सर्वर में दिक्कत आने की बात सामने आ रही है। शहर में करीब 50 हजार से ज्यादा ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने ऑनलाइन बुकिंग करा ली है और उनका बिल भी जनरेट हो चुका है।

इसके बावजूद एजेंसियों से होम डिलीवरी बेहद कम हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी तक जाकर सिलेंडर लेने की मजबूरी हो रही है।डिलीवरी एजेंसी से, पैसा होम डिलीवरी कानियम के अनुसार घरेलू सिलेंडर की होम डिलीवरी पर 918 रुपए का बिल दिया जाता है। जबकि एजेंसी के तय स्थान से सिलेंडर लेने पर 35 रुपए का होम डिलीवरी चार्ज घटाकर 883 रुपए लिया जाना चाहिए। आरोप है कि कई एजेंसी संचालक यह कटौती नहीं कर रहे और उपभोक्ताओं से एजेंसी पर भी पूरा शुल्क ही वसूल रहे हैं।

कई जगह चेकिंग, 45 सिलेंडर जब्त

सोमवार को जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर के कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। गांधी नगर क्षेत्र के देवश्री रेस्टोरेंट से 25 सिलेंडर जब्त किए गए। इसी इलाके में दूसरे स्थान पर कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। महिला ने करीब 25-30 मिनट तक टीम को घर में प्रवेश नहीं करने दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस बुलाने पर घर का ताला खुलवाकर 15 सिलेंडर जब्त किए गए। दो अन्य स्थानों से भी सिलेंडर जब्त किए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि अब तक करीब 500 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

होम डिलीवरी का चार्ज हटवाएंगे

हमारी प्राथमिकता है कि जिन उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है, उन्हें समय पर सिलेंडर की डिलीवरी मिले। कोशिश है कि किसी को एजेंसी पर जाकर सिलेंडर न लेना पड़े। यदि किसी को एजेंसी से लेना पड़े तो होम डिलीवरी चार्ज काटकर ही बिल दिया जाए, इसकी निगरानी कराई जाएगी।

-कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button