‘मैं सुबह 4 बजे तक शराब पी रहा था’, अमन गुप्ता ने नशे की हालत में की थी शूटिंग, डील न कर पाने का अफसोस

‘शार्क टैंक इंडिया’ के अब तक पांच सीजन्स आ चुके हैं और सभी में अमन गुप्ता जज की भूमिका में दिखाई दिए हैं। साथ ही 150 से ज्यादा डील्स भी फाइनल की हैं। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने शो से जुड़े एक बड़े पछतावे के बारे में बात की है। उन्होंने कहा कि दूसरे सीजन में उन्होंने ब्रेड कंपनी ‘द हेल्थ फैक्ट्री’ में इन्वेस्ट न कर पाने का अफसोस है। अमन ने बताया कि वह सुबह 4 बजे तक ड्रिंक करते थे। जिस कारण सेट पर नशे की हालत में पहुंचे थे और दिमाग काम नहीं कर रहा था।

अमन गुप्ता ने ‘Z47 मोमेंट्स’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि उस वक्त किसी जज ने कंपनी में इन्वेस्ट नहीं किया था। वह फूड कंपनी अब हर महीने 20 से 30 करोड़ रुपये का बिजनेस कर रही है। उस समय ‘द हेल्थ फैक्ट्री’ के फाउंडर विनल माहेश्वरी और मोहित सांखला ने नमिता थापर, विनीत गुप्ता, अनुपम मित्तल, पीयूष बंसल और अमन के सामने पिच किया था। उन्होंने कंपनी के 2.1 पर्सेंट हिस्से के बदले में 75 लाख रुपये मांगे थे, जिससे कंपनी की वैल्यू 35.71 करोड़ रुपये हो गई थी।

अमन गुप्ता ने गुस्से में जो कहा, ऑन-एयर हो गया

पीयूष ने कहा था कि उन्हें इस फैसले पर बाद में पछतावा होगा तो अमन ने भी हामी भरी थी कि ऐसा होने की उन्हें उम्मीद है। अब अमन ने इस बातचीत में चैनल की तरफ से आए फीडबैक के बारे में पूछा जो कि उनके ऑन-कैमरा परफॉर्मेंस पर आधारित था। उन्होंने कहा, ‘कई बार मेरे दिमाग में जो आता है, वो बोल देता हूं। एक दिन मैं गुस्से में था और मैंने दिल्ली की तरह बोल दिया कि अबे तू करता क्या है? पता भी है क्या बात कर रहा है? अब सोनी टीवी ने इसे एडिट में हटाया नहीं और ऑन-एयर कर दिया। जिसके आने के बाद लोगों ने कहा कि मैं ऐसे क्यों बात कर रहा हूं?’

अमन गुप्ता सुबह 4 बजे तक शराब पीते रहे

अमन गुप्ता ने अपने हैंगओवर के बारे में बताया। कहा कि वह सुबह 4 बजे तक शराब पी रहे थे और वैसे ही सेट पर आ गए थे। जिसकी वजह से डील पर ध्यान नहीं दे पाए। उन्होंने कहा, ‘एक दिन मैं सुबह चार बजे तक शराब पी रहा था और अगले दिन बहुत तगड़ा हैंगओवर था। मैं सोच रहा था कि मैं डील पर कैसे फोकस करूं क्योंकि सोया नहीं था। अब ऐसे समय पर आपका दिमाग काम करना बंद कर देता है। और यही जीवन है। आप हर वक्त अच्छे नहीं बने रह सकते। कई बार आपका बुरा दिन भी होता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button