रेमंड ग्रुप के सीएमडी गौतम सिंघानिया मालदीव में बोट हादसे में घायल, मुंबई में चल रहा है इलाज

नई दिल्ली: देश के बड़े औद्योगिक घरानों में से एक रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया आज मालदीव में एक हादसे में मामूली रूप से घायल हो गए। मालदीव के फेलिधू इलाके में उनकी स्पीडबोट पलट गई। उसमें सिंघानिया समेत सात लोग सवार थे। सिंघानिया को तुरंत रेस्क्यू करके मुंबई एयरलिफ्ट किया गया और उनका शहर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे में दो भारतीय मिसिंग हैं जिन्हें खोजने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इनमें रैली ड्राइवर हरि सिंह भी शामिल हैं।
गौतम सिंघानिया के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है। प्रवक्ता ने कहा कि एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में गौतम सिंघानिया मामूली रूप से घायल हो गए। उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच मालदीव से मिली रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पीडबोट में पांच भारतीय पुरुष और रूस तथा यूके की एक-एक महिला सवार थी। पुलिस ने कहा कि हादसे के कारण पांच लोग समुद्र में बह गए थे। इसमें रूसी महिला और चार भारतीय पुरुष शामिल थे। हादसे में मिसिंग लोगों में दो भारतीय नागरिक शामिल हैं। उन्हें खोजने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।





