ईरान से जंग के बीच ट्रंप का यू-टर्न, रूस के बाद अब ईरानी तेल से हटाया प्रतिबंध, 30 दिनों की छूट

वॉशिंगटन: क्रू़ड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल के बीच ट्रंप प्रशासन ने समुद्र में फंसे ईरानी तेल पर 30 दिनों के लिए प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भारी दबाव आ गया है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्येश्य मौजूदा आपूर्ति को जारी करके बाजारों को तेजी से स्थिर करना है।

140 मिलियन ईरानी तेल सप्लाई को तैयार

बेसेंट ने लिखा, दुनिया के लिए इस मौजूदा आपूर्ति को अस्थायी रूप से जारी करके अमेरका वैश्विक बाजारों में लगभग 140 मिलियन बैरल तेल तेजी से उपलब्ध कराएगा। यह छूट उस ईरानी तेल पर लागू होगी जो पहले से ही जहाज पर लदकर समुद्र में फंसा हुआ है।

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के लाइसेंस के अनुसार, यह छूट शुक्रवार 20 मार्च तक जहाजों पर लादे गए ईरानी तेल पर लागू होती है और 19 अप्रैल को समाप्त हो जाएगी। स्कॉट बेसेंट ने इस कदम को ऐसे तरीके के रूप में बताया जिससे ईरानी तेल का फायदा लेने वाला चीन अकेला लाभार्थी न बन जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित ईरानी तेल को चीन सस्ते दाम पर जमा कर रहा है।

समुद्र में फंसे तेल पर ही होगी छूट

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह छूट केवल उस तेल तक सीमित है, जो पहले से ही रास्ते में है। यह नई खरीद या उत्पादन की अनुमति नहीं देता है। बेसेंट ने कहा कि इस कदम से दुनिया भर में ऊर्जा की सप्लाई बढ़ेगी और कीमतों पर पड़ रहे दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। हम ऑपरेशन एपिक फ्यूरी जारी रखते हुए कीमतों को कम रखने के लिए तेहरान के खिलाफ ईरानी तेल का इस्तेमाल करेंगे।

रूस को भी दी थी इसी तरह की छूट

इसके पहले ट्रंप प्रशासन ने रूसी तेल पर भी इसी तरह की छूट दी थी, जिसमें समुद्र में मौजूद रूसी तेल शिपमेंट की खरीद पर 30 दिनों की छूट दी गई थी।। बेसेंट ने बताया कि प्रशासन ने पहले ही बाजार में 44 करोड़ बैरल अतिरिक्त तेल लाने के लिए काम कर रहा है। इसके होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा डालकर फायदा उठाने की ईरान की क्षमता कमजोर हुई है। बेसेंट ने ईरान को ग्लोबल आतंकवाद का सरगना बताया और कहा कि अमेरिका इस लड़ाई को उम्मीद से भी ज्यादा तेजी से जीत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button