दक्षिण कोरिया की फैक्ट्री में भीषण हादसा, आग में जलकर 10 की मौत, जलती इमारत से कूदने लगे लोग

सियोल: दक्षिण कोरिया में ऑटो पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं। डेजॉन शहर के बीच में स्थित फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर को धमाके के बाद आग लग गई थी। बचाव कर्मियों ने शनिवार को जले हुए मलबे से 10 शव बरामद किए। कम से कम 59 लोग घायल हो गए जबकि चार लापता हैं। शुक्रवार को आग लगने के बाद बचाव अभियान में 500 से अधिक फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया था।

हादसे में 25 लोग गंभीर घायल

दक्षिण कोरिया के गृह और सुरक्षा सुरक्षा मंत्रालय ने बताया कि घायलों में 25 की हालत गंभीर है। हालांकि, अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि क्या उनमें से किसी की जान को खतरा है। घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में आग की भयावहता सामने आई है। कॉम्प्लेक्स से घने धुएं के बीच कर्मचारियों को जान बचाने के लिए इमारत से कूदते देखा गया।

रोबोट भेजकर आग को किया गया शांत

फायर ब्रिगेड अधिकारी नाम ड्यूक-वू ने बताया कि आग की वजह से फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह से तबाह हो गई। आग इतनी तेज थी कि शुरुआत में दमकलकर्मी अंदर घुसने की भी हिम्मत नहीं कर सके। उन्हें डर था कि कहीं इमारत ढह न जाए। शुक्रवार देर रात आग बुझने के बाद लापता मजदूरों की तलाश शुरू की गई। इससे पहले इमारत को ठंडा करने के लिए फायरफाइटिंग रोबोट तैनात किए गए।

फैक्ट्री के अंदर मिला क्रियाशील रसायन

नाम ने बताया कि आग लगने की सूचना स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर लगभग 1:18 बजे मिली। आग लगने की वजह तुरंत पता नहीं चल पाई लेकिन ऐसा लगता है कि आग बहुत तेजी से फैली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां एक धमाका भी हुआ था। फायर कर्मियों को घटना स्थल से 100 किलोग्राम से ज्यादा अत्यधिक क्रियाशील रसायन बरामद हुए हैं। फायर चीफ ने बताया कि कुछ लोगों ने इमारत से कूदकर भागने की कोशिश की जिसमें वे घायल हो गए। कुछ अन्य धुएं के संपर्क में आने से प्रभावित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button