ट्यूशन टीचर की लापरवाही ने ली मासूम की जान, छत का दरवाजा खुला होने से दूसरी मंजिल से गिरा छात्र, 17 दिन बाद तोड़ा दम

भोपाल। रातीबड़ क्षेत्र में केजी-2 के पांच वर्षीय छात्र की छत से गिरकर मौत हो गई। वह होली के दिन ट्यूशन पढ़ने शिक्षिका के घर गया था। छत का दरवाजा खुला था, जिससे छात्र दूसरी मंजिल पर पहुंच गया और रेलिंग से नीचे गिर गया।

17 दिन इलाज के बाद शुक्रवार दोपहर को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने छत का दरवाजा खुला होने पर ट्यूशन टीचर की चूक मानी है और उनके विरुद्ध लापरवाही का केस दर्ज किया है।

शारदा विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ता था छात्र

पुलिस के अनुसार पांच वर्षीय युवराज सिंह भूपति कैंपस में रहता था और शारदा विद्या मंदिर स्कूल में केजी-2 का छात्र था। उसी स्कूल में शिक्षिका रहीं साक्षी खरे के पास वह ट्यूशन पढ़ने जाता था। शिक्षिका साक्षी नजदीक ही विशाल कॉलोनी में रहती हैं। रोजाना की तरह 4 मार्च को होली पर भी वह ट्यूशन के लिए गया था।ट्यूशन के दौरान साक्षी आसपास किसी काम से गईं। इस दौरान घर में छत पर जाने का दरवाजा खुला था और युवराज वहां से दूसरी मंजिल पर पहुंच गया। कुछ देर बाद वह रेलिंग से नीचे गिर गया। साक्षी ने स्वजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया।

टीचर पर लगे लापरवाही के आरोप

स्वजनों ने आरोप लगाया है कि शिक्षिका को कई बार छत का गेट बंद रखने के लिए कहा गया था, लेकिन लापरवाही बरती गई। पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button