‘परेशान होकर जा रहा हूं… सब खुश रहना’, भोपाल में फिजियोथैरेपिस्ट ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा इमोशनल मैसेज

भोपाल : कटारा हिल्स स्थित फार्च्यून सौम्या अटलांटिस कॉलोनी में एक फिजियोथैरेपिस्ट ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमरे में फंदे पर झूलते मिले

पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय विवेक डहरिया, जो मूल रूप से बैतूल जिले के निवासी थे, भोपाल में रहकर आशिमा माल के पास फिजियोथैरेपी क्लीनिक संचालित करते थे। शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपने ऑफिस से घर लौटे थे। उस समय उनकी पत्नी और बेटी किचन में थीं। करीब नौ बजे जब पत्नी उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने कमरे में गईं, तो विवेक फंदे पर झूलते मिले। घबराकर उन्होंने तुरंत परिजनों और परिचितों को सूचना दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलने पर विवेक के दोस्त उन्हें तुरंत एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार सदमे में है।

सुसाइड नोट मिला, कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें विवेक ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने लिखा है कि वह परेशान होकर यह कदम उठा रहे हैं और अपने परिवार से खुश रहने की अपील की है।

हालांकि, उन्होंने आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया है। कटारा हिल्स थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हर पहलू से जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button